द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राजकीय बालिका इंटर कालेज केे शिक्षिका डा. अमिता प्रकाश को उनके कहानी संग्रह रंगों की तलाश के लिए अखिल भारतीय हिंदी साहित्य सम्मेलन में कथा भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मेलन गाजियाबाद के भागीरथी पब्लिक स्कूल में संपन्न हुआ। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद यहां लौटीं श्रीमती प्रकाश ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री श्याम सिंह शशि थे। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं प्रकाशक डा. राम अवतार शर्मा, डा. सतीश शुक्ल और यूएसएम पत्रिका के संपादक उमाशंकर मिश्र भी मौजूद थे।
सभी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में कई रचनाकारों ने अपनी रचनाएं भी प्रस्तुत कीं। साहित्यकारों की पुस्तकों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इस उपलब्धि के लिए द्वाराहाट पीजी कालेज के प्राचार्य डा. एके श्रीवास्तव, डा. प्रेम प्रकाश, बीईओ एसएस बिष्ट, प्रधानाचार्या तनुजा जोशी सहित तमाम साहित्य प्रेमियों ने डा. अमिता प्रकाश को शुभकामनाएं दी हैं।