रानीखेत (अल्मोड़ा)। हिल्ट्रान कैल्क की ओर से यहां जीजीआईसी में बच्चों के बीच सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। अतिथियों ने इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित कराने पर जोर दिया। कहा कि इससे बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का मौका मिलेगा
सामान्य ज्ञान परीक्षा में मेजबान विद्यालय सहित रीना चिल्ड्रन एकेडमी, मिशन इंटर कालेज, स्प्रिंग फील्ड, डीएबी, कैंट इंटर कालेज, वीयरशिवा, केंद्रीय विद्यालय, हिमालयन विलेज सहित आधा दर्जन विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। हिल्ट्रान के स्थानीय प्रबंधक आरएस नयाल ने बताया कि बच्चों में प्रतियोगिता की भावना जागृत करने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या नीलम नेगी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मनीषा नयाल, ललित बनकोटी, अजय जोशी ने छात्र छात्राओं को सफलता के टिप्स दिए। संचालन नानू बिष्ट और मुकेश बिष्ट ने किया। सामान्य ज्ञान परीक्षा में 50 वैकल्पिक प्रश्न पूछे गए। अव्वल प्रतिभाग को छह हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। परिणाम नवंबर में घोषित किए जाएंगे।