रानीखेत (अल्मोड़ा)। घोषित नगर पालिका चिलियानौला में कूड़े से पटे नालों ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग बड़े नालों में घरों का कूड़ा फेंक रहे हैं, अब बरसात शुरू हो गई लोग नाले का कूड़ा घरों के आगे एकत्रित हो रहा है, जिससे संक्रामक रोगों की आशंका बनी हुई है।
चिलियानौला क्षेत्र में कूड़े की समस्या वर्षों से बनी हुई है। पूर्व में यह क्षेत्र ग्राम सभा बधांण का हिस्सा था, जिसके चलते यहां कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं बनी। हालांकि बीडीसी मद से यहां छह कूड़ेदान स्थापित किए गए, लेकिन अधिकांश लोग आज भी इन कूड़ेदानों का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं।
घरों का कूड़ा कस्बे के बड़े नालों में डाल दिया जाता है, बारिश में यह कूड़ा बहकर घरों के आगे एकत्रित हो जा रहा है, जिससे उठ रही तीव्र सड़ांध से जीना मुहाल हो रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कूड़ा नालों में डालने के बजाए उसे गड्ढे में दबा देना चाहिए, लेकिन सारा कचरा बड़े नालों में पटा पड़ा है। चिलियानौला को अब नगरपालिका का दर्जा मिल चुका है, लेकिन अभी विधिवत स्थापना नहीं हुई है। एक माह पूर्व प्रशासन ने कूड़ा निस्तारण का जिम्मा उठाया था, कुछ वार्डों में सफाई भी की गई थी, लेकिन फिर से समस्या खड़ी हो गई है।