वित्तीय वर्ष समाप्त होने के साथ ही एक बार फिर घर का बजट बिगड़ेगा। रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 16 रुपए 50 पैसे की वृद्धि की गई है। हल्द्वानी के लोगों को अब एक सिलेंडर खरीदने के लिए 672 रुपए 50 पैसे देने पड़ेंगे। एक अप्रैल से पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की कीमत घटने के कयास लगाए जा रहे थे। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तो कमी की गई, मगर रसोई गैस की कीमतें घटाने के बजाए बढ़ा दी गई हैं।
हल्द्वानी में 45,300 उपभोक्ता हैं, जबकि काठगोदाम में 17322 उपभोक्ता हैं। उपभोक्ताओं को अब रसोई गैस के लिए 672 रुपए 50 पैसे देने पड़ेंगे। उनके खाते में 222 रुपए 29 पैसे सब्सिडी के जाएंगे, जबकि पहाड़ पर अन्य रसोई गैस की कीमतें और अधिक होगी। इंडेन के डिप्टी सेल्स मैनेजर मुकेश चौधरी ने बताया कि मार्च के सिलेंडरों की डिलीवरी अप्रैल में नहीं की जाएगी। सब्सिडी वाले सिलेंडर का लाभ उपभोक्ताओं को अप्रैल में नहीं मिलेगा। उनका कोटा लैप्स हो गया है। चौधरी ने बताया कि बुधवार से अब सभी उपभोक्ताओं को एक ही दाम पर सिलेंडर मिलेगा। डीबीटीएल योजना से जुड़ चुके उपभोक्ताओं की सब्सिडी सीधे खाते में जाएगी।