हल्द्वानी/गरमपानी। राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने शुक्रवार शाम खैरना झील स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार कर पेश करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खैरना और मसूरी की पेयजल व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री विशेष निधि देने का आश्वासन दे चुके हैं। उन्होंने योजना की विस्तृत कार्ययोजना जल्द भेजने को कहा।
बैराज स्थल निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता मोहन चंद्र पांडे ने सांसद बलूनी को बताया कि खैरना में बैराज के सर्वे और चट्टान के अध्ययन के लिए 20 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा है। सांसद ने आश्वस्त किया कि 10 दिन में सर्वे के लिए धनराशि स्वीकृत करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खैरना बैराज से नैनीताल के साथ ही भवाली, भीमताल और रानीखेत के लिए भी लिफ्ट पेयजल योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 750 करोड़ से अधिक लागत से बनने वाले बैराज और नैनीताल लिफ्ट पेयजल योजना को भारत सरकार ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है और डीपीआर को जल्द स्वीकृति दिलाई जाएगी। उत्तराखंड से विशेष लगाव के चलते प्रधानमंत्री ने दोनों ही योजनाओं के लिए विशेष निधि से धन देने का आश्वासन दिया है। इस दौरान सीडीओ विनीत कुमार, पेयजल निगम के मुख्य अभियंता राजेश्वर प्रसाद, सिंचाई एसई एनएस पतियाल, ईई हरीश चंद्र सिंह भारती, जलसंस्थान नैनीताल के ईई संतोष उपाध्याय, ईई जलनिगम जीएस तोमर, भाजपा नेता मनोज साह, दलीप बिष्ट, राजीव कुमार आदि थे।
खैरना बैराज के लिए जल्द जारी होगी धनराशि : बलूनी
नैनीताल के साथ ही भीमताल, भवाली और रानीखेत वासियों की भी बुझेगी प्यास
राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने किया खैरना बैराज का निरीक्षण
उत्तराखंड में नैनीताल और मसूरी पर्यटन की दृष्टि से अहम हैं और दोनों में पानी की कमी से पर्यटन ठप होने की स्थिति में है। नैनीताल और मसूरी की पेयजल समस्या को प्रमुखता से लेते हुए ही उन्होंने दोनों योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया। प्रधानमंत्री ने दोनों योजनाओं के लिए धन देने पर सहमति जताई है। इन दोनों योजनाओं को प्रमुखता से पूरा कराया जाएगा। सर्वे के लिए मुख्य सचिव से बात की है। सर्वे शुरू करा दिया है, पैसे की कहीं कमी नहीं आने दी जाएगी। -अनिल बलूनी, राज्यसभा सदस्य।
10 लाख घनमीटर होगी बैराज की क्षमता
हल्द्वानी। सिंचाई अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को बताया कि खैरना बैराज एक किमी लंबा और 400 मीटर चौड़ा होगा। बैराज बनने के बाद इसकी क्षमता 10 लाख घनमीटर पानी की होगी। डीपीआर में सभी बिंदु शामिल किए गए हैं।
सांसद बलूनी से की शिक्षकों के नियुक्ति की मांग
गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट के भाजपा मंडल अध्यक्ष दलीप सिंह बोहरा ने राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी को ज्ञापन सौंपा। इसमें जर्जर विद्यालय भवन, शिक्षकों की कमी, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल, खेती की सुविधाएं बढ़ाने की मांग की गई। बढेरी से स्वीकृत कोसी बैराज से पेयजल की समस्या दूर कर बेतालघाट, खैरना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने, पर्यटन विकास के लिए कॉर्बेट पार्क रामनगर से काकड़ीघाट तक पर्यटन सर्किट का निर्माण करवाने को कहा।
बलूनी आज करेंगे जमरानी का निरीक्षण
हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुरेश तिवारी ने बताया कि राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी 29 जून को जमरानी बांध परियोजना स्थल का निरीक्षण करेंगे। शाम चार से पांच बजे तक भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। बाद में शिक्षामंत्री अरविंद पांडे के आवास पर जाकर उनके पुत्र के निधन पर शोक संवेदना जताएंगे। 30 जून को बलूनी दिल्ली रवाना हो जाएंगे।