हल्द्वानी। बृहस्पतिवार की दोपहर थोड़ी देर के लिए आई आंधी ने बिजली व्यवस्था धड़ाम कर दी। बिजली लाइन में टहनी गिरने, पोल उखड़ने और ट्रांसफार्मरों के जवाब देने से बत्ती गुल हो गई। इससे लोग परेशान हो गए।
कमलवागांजा व कटघरिया उपकेंद्र से जुड़ी 33 केवी लाइन में पेड़ की टहनी गिरने से ऊंचापुल, लामाचौड़, मुखानी, ब्लाक क्षेत्र, फतेहपुर, दमुवाढूंगा, कटघरिया और बिठौरिया समेत इससे लगे क्षेत्रों में विद्युतापूर्ति ठप हो गई। विकास खंड के हाथीखाल क्षेत्र में बिजली के सात पोल उखड़ गए और ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे हाथीखाल और इससे लगे क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है। पावर कारपोरेशन के अधिशासी अभियंता (ग्रामीण) अमित आनंद ने बताया कि अंधड़ के कारण पोल उखड़ने से विद्युत लाइनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ट्रांसफार्मर को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि विभागीय कर्मचारी लाइनों में सुधार के लिए मौके पर गए लेकिन अंधेरा होने के कारण काम पूरा नहीं हो सका। ईई के मुताबिक अब व्यवस्था में सुधार के लिए शुक्रवार को लाइनों को दुरुस्त कराया जाएगा।
आंधी ने उड़ाई बिजली, हजारों लोग बिलबिलाए
कमलवागांजा टहनी गिरने से लाइन ध्वस्त, हाथीखाल में सात पोल गिरे, ट्रांसफार्मर धड़ाम
बरेली रोड का ट्रांसफार्मर खराब
हल्द्वानी। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद बरेली रोड में उजाला नगर के समीप लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया जिससे आसपास के क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। अधिशासी अभियंता (नगर) डीके जोशी ने बताया कि दोपहर बाद साढ़े चार बजे के करीब ट्रांसफार्मर खराब हुआ था जिसके चलते क्षेत्र में दो घंटे विद्युतापूर्ति बाधित रही।
10 घंटे बिना बिजली के रहे आठ हजार परिवार
हल्द्वानी। शिवपुरी, दौलिया, बच्चीधर्मा सहित आठ हजार परिवारोें को 10 घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा। लालकुआं 33/11 सब स्टेशन से बच्चीधर्मा, दौलिया, शिवपुरी, राधाबंगर सहित स्टोन क्रशरों को बिजली की सप्लाई होती है। बिजली विभाग की ओर से बिना किसी सूचना के सुबह 11 बजे से ही लाइट की कटौती कर दी। पांच घंटे लाइट कटौती के बाद जब लाइट नहीं आई तो लोगों ने एसडीओ, जेई को फोन किया। रात नौ बजे तक जब बिजली नहीं आई तो एसडीओ मनोज पांडे ने बताया कि सुबह बिजली की कटौती थी। तीन बजे आई आंधी से लाइन ब्रेक डाउन में चली गई।
हल्दूचौड़ में लोग बिजली पानी को तरसे
हल्दूचौड़ (नैनीताल) आंधी से धौलाखेड़ा उप संस्थान से संचालित होने वाली बिजली सप्लाई ठप हो गई। कई पोल गिर गए हैं और ट्रांसफार्मर को भी नुकसान पहुंचा है। इससे पचास हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो गई। बिजली के साथ ही लोगों को पानी भी नहीं मिला। मामूली तूफान में ही बिजली विभाग की पोल खुल गई। अधिशासी अधिकारी मनोज पांडे के अनुसार बिजली सप्लाई 24 घंटों में बहाल हो पाएगी। काम चल रहा है।
बरसात ने बढ़ाई उमस
हल्द्वानी। दोपहर तीन बजे तेज हवा के साथ करीब 45 मिनट तक बरसात हुई। इससे कुछ समय के लिए तो राहत मिली, पर बाद में उमस बढ़ गई। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की, मध्यम बरसात होने की संभावना व्यक्त की है। बृहस्पतिवार को हल्द्वानी का अधिकतम 36.2 और न्यूनतम 26.5 से डिग्री सेल्सियस रहा।