हल्द्वानी। नगर निगम को शासन की ओर से बजट मिलने जा रहा है। बजट खर्च करने के लिए बोर्ड की अनुमति जरूरी है। बोर्ड बैठक से पहले मेयर जोगेंद्र रौतेला ने पार्षदों को साधने की कोशिश शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को मेयर जोगेंद्र रौतेला ने नगर निगम के वार्ड नंबर एक से लेकर वार्ड नंबर 10 के पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में मेयर ने पार्षदों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी। साथ ही उनके वार्ड के विकास के लिए क्या-क्या कार्य जरूरी हैं, इसके बारे में जानकारी ली। मेयर ने पार्षदों से कहा कि जल्द ही निगम को बजट मिलने वाला है। ऐसे में वे अमृत योजना और एडीबी के तहत सीवर, पेयजल और सड़क के लिए प्रस्ताव दें।
सूत्रों की मानें तो बैठक में पार्षदों ने पूर्व में बोर्ड बैठक में हुए प्रस्तावों को अभी तक शुरू नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त की। एक पार्षद ने नाम न छापने की शर्त में बताया कि निगम की बोर्ड बैठक की तैयारी चल रही हैं। पार्षद बोर्ड बैठक का विरोध न करें, इसलिए मेयर की ओर से पार्षदों को साधने की कोशिश की जा रही है। बैठक में नीमा तिवारी, धीरेंद्र रावत, धरमवीर, राजेंद्र सिंह, रवि वाल्मीकि सहित आदि मौजूद रहे।
बोर्ड बैठक से पहले पार्षदों को साधने की कोशिश
मेयर ने 10 वार्डों के पार्षद बुलाकर समस्याएं पूछी, पार्षदों ने कहा, पहले की बोर्ड बैठक के प्रस्ताव का क्या हुआ