नैनीताल। ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को रामपुर, हल्द्वानी और टाउन हॉल हॉकी क्लब शाहजहांपुर की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया है। नॉकआउट टूर्नामेंट होने की वजह से बहराइच, प्रिंस हॉकी क्लब शाहजहांपुर, और डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर की टीमें अपने मैच हारकर ट्रूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। सोमवार को भी तीन मैच खेले जाएंगे।
अमर उजाला की ओर से प्रायोजित और जिमखाना क्लब की ओर से 97वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को पहला मुकाबला डीएचए बहराइच और यंग मैन हॉकी क्लब रामपुर की टीमों के बीच खेला गया। रामपुर के खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरते ही विपक्षी टीम पर आक्रमण शुरू कर दिया इसका टीम को फायदा भी मिला और पहले ही हॉफ के 9वें, 10, 12वें, 17वें, 19वें और 25वें मिनट में फारवार्ड विकास के चार, संदीप और नीतेश के एक-एक गोल की मदद से टीम ने 6-0 से बढ़त बना ली। दूसरे हॉफ में भी रामपुर के खिलाड़ियों के खेल के आगे बहराइच की टीम की रक्षात्मक पंक्ति पूरी तरह से पस्त नजर आई। संदीप ने 44वें और नितेश ने 48वें मिनट में गोल करके टीम को 8-0 की बढ़त दिला दी जो अंत तक कायम रही। दूसरा मैच भी एकतरफा ही रहा और हल्द्वानी ने शाहजहांपुर की टीम को 3-0 से परास्त किया। हल्द्वानी की ओर से 13वें, 20वें मिनट में रितु जबकि 59वें मिनट में विकास ने गोल दागा। तीसरे मैच में डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर और टाउन हॉल हॉकी क्लब शाहजहांपुर के बीच हुए मैच में शहजहांपुर ने जीत दर्ज की। पूरनपुर की ओर से मैच के 5वें मिनट में गोल से टीम ने 1-0 की बढ़त ले ली थी, लेकिन 12वें मिनट में शाहजहांपुर के अमनदीप ने गोल करके टीम का स्कोर 1-1 कर दिया। कुछ ही सेकेंड बाद पूरनपुर के राजीव ने गोल करके मैच में फिर 2-1 की बढ़त ले ली। दो मिनट बाद ही लाल खान के एक गोल से स्कोर एक बार फिर बराबर 2-2 हो गया। दूसरे हॉफ में 56वें मिनट में फैज अली खान ने गोल करके पूरनपुर पर 3-2 की बढ़त बना ली जो अंत तक कायम रही। प्रतियोगिता के रेफरी विनय चौधरी, महेश्वर नेगी, अमित कुमार, तकनीकी समिति में मंजुल प्रकाश सनवाल, अनिल रावत, दीपक साह, अहमद सिद्दीकी आदि थे।
रामपुर, हल्द्वानी शाहजहांपुर ने जीते मैच
अमर उजाला प्रायोजित 97वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को तीन मुकाबले खेले गए
हॉकी प्रतियोगिता में आज के मुकाबले
प्रतियोगिता के आयोजक सचिव कैलाश सिंह बोरा ने बताया कि सोमवार को पहला मुकाबला दोपहर दो बजे से रोहिला टाइगर हॉकी क्लब रामपुर बनाम डीएचए सुल्तानपुर, दूसरा मुकाबला साढ़े तीन बजे से हाकी क्लब बिजनौर बनाम गुरुनानक हॉकी क्लब बरेली जबकि अंतिम मुकाबला शाम पौने पांच बजे से हॉकी क्लब मुरादाबाद बनाम डीएचए प्रतापगढ़ के बीच खेला जाएगा।