नैनीताल। डीएसए मैदान में जिमखाना क्लब के सहयोग एवं अमर उजाला प्रायोजित 97वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में दूसरे दिन शनिवार को दो मुकाबले हुए। इसमें बिजनौर और बरेली की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
पहला मुकाबला कोहिनूर हॉकी क्लब पीलीभीत और ऑफिशियल क्लब बिजनौर की टीमों के बीच हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 गोल कर बराबरी पर थी। पीलीभीत की ओर से खेल के 11वें मिनट में शुभम, 38वें में आकाश और 46वें मिनट में रजत ने गोल दागा। बिजनौर की ओर से 8वें एवं 51वें मिनट में मिलंद राज, 29वें में दिव्यांशु ने गोल किया। उसके बाद फैसले के लिए ट्राइब्रेकर का सहारा लिया गया, इसमें बिजनौर ने चार और पीलीभीत ने दो गोल किए। इस प्रकार बिजनौर ने यह मैच 7-5 से जीत लिया। बिजनौर की ओर से आर्यन, मिलंद राज, फरमान, शिवम और पीलीभीत की ओर से लवप्रीत, हिमांशु को सफलता मिली।
दूसरे एकतरफा मुकाबले में गुरुनानक हॉकी क्लब बरेली ने एमपी एजूकेशन एकेडमिक हॉकी क्लब ग्वालियर को 9-0 से हराया। पहले हॉफ तक बरेली 4-0 से बढ़त बनाए थी। बरेली की टीम के लिए 5वें मिनट में सनी, 17वें में विपिन, 21वें में सहद, 27वें में दीपक ने गोल किया। दूसरे हॉफ में बरेली के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर 5 गोल और दागे, इसमें 35वें, 38वें तथा 42वें मिनट में विनय, 46वें में सिराज, 56 मिनट में फैजल को गोल करने में कामयाबी मिली। प्रतियोगिता के रेफरी विनय चौधरी, महेश्वर नेगी, अमित कुमार, तकनीकी समिति में मंजुल प्रकाश सनवाल, अनिल रावत, दीपक साह, तकनीकी कमेटी के मुख्य संयोजक अहमद सिद्दीकी थे।
बिजनौर, बरेली की टीमों ने जीता मुकाबला
97वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता जारी
आज के मैच
प्रतियोगिता के आयोजक सचिव कैलाश सिंह बोरा ने बताया कि रविवार को पहला मुकाबला अपरान्ह दो बजे से डीएचए बहराइच बनाम यंग मैन हॉकी क्लब रामपुर, दूसरा मुकाबला साढ़े तीन बजे से प्रिंस हॉकी क्लब शाहजहांपुर बनाम हल्द्वानी इलेवन, जबकि अंतिम मुकाबला शाम पौने पांच बजे से डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर बनाम टाउन हाल हॉकी क्लब शाहजहांपुर के बीच होगा।