गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे की कोसी नदी में नहाने गए दो लोग डूब गए। इनमें से मैकेनिक का शव शुक्रवार शाम काकड़ीघाट से बरामद हुआ, जबकि उसके साथ गया ट्रक क्लीनर लापता है।
एक एलपी ट्रक खराब हो गया था। तीनपानी हल्द्वानी निवासी मिस्त्री का सहायक हरिओम (19) पुत्र रामस्वरूप उसे सुधारने का सामान लेकर शुक्रवार सुबह काकड़ीघाट पहुंचा। इसी दौरान वह थाना बैजनाथ जिला बागेश्वर के ग्राम नकुड़ा निवासी ट्रक क्लीनर जगदीश बिष्ट (20) पुत्र मोहन सिंह बिष्ट के साथ कोसी में नहाने गया। वहां दोनों गहरे कुंड में डूब गए। खैरना पुलिस चौकी प्रभारी हरीश पुरी की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम नैनीताल से पहुंची। उसने शाम सात बजे नदी में रेस्क्यू अभियान चलाकर हरिओम का शव नदी से निकाला जबकि जगदीश नहीं मिला। कोतवाल आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि जगदीश की तलाश की जा रही है। पुलिस ने हरिओम का शव खैरना के सीएचसी में रखा है। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा जाएगा। मौके पर जगदीश के कपड़े और सैंडल मिले हैं। अब शनिवार सुबह उसकी तलाश की जाएगी। रेस्क्यू टीम में महेंद्र भंडारी, प्रकाश मेहता, सुरेंद्र कुमार, चंदन रौतेला आदि थे।
कोसी में दो डूबे, मैकेनिक का शव बरामद, ट्रक क्लीनर लापता
अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में कोसी नदी में गए थे मैकेनिक और क्लीनर
काकड़ीघाट में खराब ट्रक सुधारने गया था हेल्पर
नदी किनारे एक भी नहीं लगा चेतावनी बोर्ड
गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बहने वाली कोसी नदी के किनारे चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं जबकि नदी में नहाते समय पिछले पांच सालों में 10 से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से नदी किनारे नहाने पर रोक लगाने की मांग की है।