फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिन में आसमान से बरसी आग तो शाम को बरसी राहत

विज्ञापन
Hot Summer
विज्ञापन
हल्द्वानी/नैनीताल/रामनगर। बृहस्पतिवार शाम को आंधी, बारिश ने जहां-तहां मुश्किलें खड़ी कर दीं। तार और पोल टूटने से पूरे हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल की बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो गई। 50 से अधिक ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ गए। रामपुर रोड, बरेली रोड में पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा।
विज्ञापन

हल्द्वानी में बृहस्पतिवार शाम लगभग छह बजे 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी आई। लामाचौड़, फतेहपुर, देवलचौड़, कुसुमखेड़ा, हल्दूचौड़, धौलाखेड़ा में हाईटेंशन, लोटेंशन लाइन के पोल टूट गए जबकि तार भी जमीन पर झूल गए। लालकुआं में भी बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गौलापार में 33केवी लाइन पर पेड़ गिर गया। सुभाषनगर, राजपुरा, तिकोनिया, रामपुर रोड, आजादनगर, रानीबाग, मुखानी, बरेली रोड, नैनीताल रोड, रामपुर रोड, बाजार, स्टेशन रोड आदि क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित हो गई। शहर में हाईटेंशन लाइन के दो पोल टूट गए, जबकि गौलापार में एचटी, एलटी के पोल टूटने के साथ ही लाइनें भी टूट गई। चार घंटे बाद रात दस बजे भी ग्रामीण, शहर, लालकुआं में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी थी। ईई नगर डीके जोशी, ग्रामीण अमित आनंद का कहना था कि 33/11 सबस्टेशन तक रात दस बजे आपूर्ति बहाल हो गई थी। पेट्रोलिंग पार्टियां विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर 11 केवी लाइन को चेक कर रही थी। लाइन चेक होने के बाद ही प्रत्येक बिजलीघर से एक-एक फीडर को सुचारु किया जाएगा।


आंधी-पानी ने जहां-तहां खड़ी कर दीं मुश्किलें
बिजली के पोल और लाइनें टूटने से अंधेरे में डूब गया हल्द्वानी, कई जगह जलभराव
05 किमी लंबा जाम लगा रामनगर में दो घंटे तक
500 घरों और दुकानों में घुसा गंदा पानी
50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आई आंधी

हल्द्वानी में दीवार गिरने से कार क्षतिग्रस्त, तीन घायल
हल्द्वानी। काठगोदाम मार्ग पर नरीमन तिराहे के पास लोनिवि की दीवार कार पर गिर पड़ी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। चालक ने दीवार से सटी रोड पर कार खड़ी की थी। अचानक बारिश और आंधी से हादसा हो गया। ईंट की चोट से तीन लोग घायल हो गए। दो दुकानदारों ने रोड पर फड़ लगाया था। वे भी भाग निकले। काठगोदाम थानाध्यक्ष कमाल हसन ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार लेकर चला गए।
विज्ञापन


यहां भी नुकसान
- लामाचौड़ क्षेत्र में भी नुकसान हुआ है। यहां कई पेड़ गिर गई। ग्राम छिम्वालपुर में एनके आर्य के पॉलीहाउस भी क्षतिग्रस्त हो गए।
- नहर कवरिंग क्षेत्र में लोनिवि ने नहर की दीवार को कई जगह से तोड़ दिया था। बारिश के कारण तेज बहाव पानी इन्हीं जगह से नहर को काटना शुरू कर दिया है। बारिश होने के कारण कई मकानों को खतरा हो गया है।

बागवानी को नुकसान
हल्द्वानी। गौलापार, लामाचौड़, हल्दूचौड़, कालाढूंगी आदि क्षेत्रों में बगीचों में आम पेड़ों से झड़ गए। यही स्थिति लीची के बगीचों में भी रही है लेकिन बची लीची की मिठास बढ़ने की उम्मीद है। रामगढ़ स्थित फल पट्टी क्षेत्र में तेज अंधड़ के कारण सेब, पुलम, आड़ू, नाशपाती, खुबानी झड़ गई है। भीमताल ब्लॉक के गांवों में बेमौसमी सब्जी को भी नुकसान हुआ है। जिला उद्यान अधिकारी भावना जोशी ने बताया कि शुक्रवार को राजस्व विभाग की मदद से नुकसान का आकलन कराया जाएगा ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जा सके।

नैनीताल में भी झमाझम बारिश
नैनीताल। गर्मी के बीच शाम करीब तीन बजे से मौसम ने करवट लेना शुरू किया और आसमान काले बादलों से घिर गया। तेज हवाओं और काले बादलों के बीच शाम करीब पांच बजे मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश का क्रम करीब एक घंटे तक चला। इस बीच ओले भी पड़े। इसके चलते कई दिनों से हो रही गर्मी से राहत मिली।

बारिश ने निगम की खोली पोल, नाले-नालियां हुई चोक
हल्द्वानी। जून की पहली बारिश ने नगर निगम, सिंचाई, लोनिवि के दावों की पोल खोल दी। नाले-नालियां चोक होने से 500 घरों, दुकानों में गंदा पानी घुस गया। शनिबाजार का नाला चोक होने से जोशी कालोनी में भयंकर जलभराव हुआ। बनभूलपुरा, राजपुरा, भैरवगढ़ी, जोशी कॉलोनी, स्टेडियम रोड, मुख्य बाजार में जलभराव हुआ। नगर निगम की टीम चोक नालों को खोलने में ही लगी रही।


यूनिपोल गिरने से तीन कारें दबी
हल्द्वानी। आंधी के चलते एक बार फिर अवैध यूनिपोल कार में गिर गया। इसके चपेट में आने से तीन कारें दब गईं। कार में बैठा युवक कार में फंस गया। बमुश्किल कार का दरवाजा खोलकर वह बाहर निकला। नगर निगम के अवैध यूनिपोल दुर्घटना का कारण बने हैं। पहली बार आई आंधी से यूनिपोल गिरने से तीन युवक घायल हो गए थे। बृहस्पतिवार को दोबारा आई आंधी से ट्रांसपोर्टनगर विद्युत सब स्टेशन के पास एक यूनिपोल कारों पर गिर गया। पोल गिरने से तीन कारें दब गई। प्रत्यक्षदर्शी लाखन सिंह ने बताया कि जिस समय आंधी आई वह कार में ही बैठे थे। जोर से आवाज आई और यूनिपोल उनकी कार में गिर गया। उन्होंने बताया कि वह बाल-बाल बच गए।

पेड़ गिरने से दो ठेले दबे
हल्द्वानी। ठंडी सड़क और बरेली रोड पर पेड़ गिरने से ठेले दब गए। ठेला स्वामी बाल-बाल बच गए। इसमें वन विभाग की लापरवाही फिर सामने आई। ठंडी सड़क में गिरा पेड़ सूखा था। बरेली रोड पर स्थित पेड़ अपनी आयु पूरी कर चुका था।

रामनगर में पेड़ से दबी कार, बिजली का पोल भी टूटा
रामनगर (नैनीताल) कॉर्बेट टाइगर रिजर्व बिजरानी रेंज के जंगल में खड़ा बांकुली का पेड़ काशीपुर-बुआखाल एनएच 121 पर गिर गया। लोनिवि यांत्रिक भंडार के पास गिरे इस पेड़ की चपेट में आकर रानीखेत रोड निवासी मनोज कड़ाकोटी की बलेनो कार यूपी14डीएन3281 क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली का तार टूट गया और पोल टेढ़ा हो गया। इस कारण शाम चार बजे से आठ बजे तक चार घंटे विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। इस कारण एनएच पर यातायात बाधित हो गया। करीब दो घंटे तक रोडवेज बस अड्डे से रिंगौड़ा जारत तक पांच किमी लंबा जाम लगा रहा, जिसको खुलवाने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों के सहयोग से वनकर्मियों ने पेड़ काटकर सड़क से हटाया।

पहाड़ पर तूफान के साथ एक घंटे हुई मूसलाधार बारिश
भीमताल/भवाली/गरमपानी/पहाड़पानी। भीमताल, भवाली, गरमपानी, धानाचूली, पहाड़पानी, ज्योलीकोट में तूफान के साथ एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, इससे बिजली गुल हो गई। गरमपानी में ओलावृष्टि हुई। बाजार में जमा पानी डाकघर, मोतीमहल के हरीश चंद्र, पूरन चंद्र, कुलवंत जलाल के घरों में घुस गया। भवाली एसडीओ मनोज तिवारी ने बताया कि विद्युत लाइन में कहीं फॉल्ट आया है।
फोटो कैप्सन. 06बीटीएल12पी

नैनीताल में बिजली के वैकल्पिक व्यवस्था भी धड़ाम
नैनीताल। पेड़ गिरने से बिजली की लाइनों में फाल्ट आ गया। ऊर्जा निगम के ईई एसएस उस्मान ने बताया कि नगर को बिजली आपूर्ति करने वाली दोनों लाइनों में फॉल्ट आ गया है। फाल्ट मिलते ही लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। कैलाखान के पास लाइन में पेड़ की टहनियां गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे वैकल्पिक तौर पर ठीक कर व्यवस्था बहाल कर दी गई है, इसके बाद रात साढ़े दस बजे तक बिजली की आंखमिचौली चलती रही। देर रात साढ़े दस बजे नगर की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। ब्यूरो

लालकुआं में स्लीपर फैक्ट्री का टिनशेड उड़ा
लालकुआं। आंधी से स्लीपर फैक्ट्री का टिनशेड उड़ने एवं मशीनों के क्षतिग्रस्त होने से 15 लाख से अधिक का नुकसान बताया गया है। रेलवे स्टेशन में ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को भी भारी परेशानी हुई। नगीना कॉलोनी, 25 एकड़ झोपड़पट्टी, वर्मा कॉलोनी, बलिया कॉलोनी समेत अन्य मजदूर बस्तियों में झोपड़ियों में नुकसान हुआ है।


दिन में आसमान से बरसी आग, शाम को राहत
हल्द्वानी। बृहस्पतिवार को दिन में आसमान से आग बरसी तो शाम को आंधी, ओलावृष्टि, बारिश के साथ ही राहत मिली। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 41.3, न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार, न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। उत्तर पश्चिम दिशा से 8.4 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। उत्तर पश्चिम दिशा से चली हवा ने उमस बढ़ाई। नमी 34 प्रतिशत रही। अवकाश होने के बाद भी गर्मी और उमस के कारण दिन में सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। पांच मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 28.2, न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार, न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मुक्तेश्वर में तापमान अधिक होने के कारण सैलानियों को गर्मी सता रही है।

मौसम बुलेटिन
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि शुक्रवार से तीन दिन तक मौसम सामान्य रहेगा, जबकि दस जून से मौसम फिर बदलेगा। 10 से 12 जून तक आंधी, बारिश, ओलावृष्टि की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें