हल्द्वानी। हापुड़ में लगातार दूसरे दिन भी जाम लगने से हल्द्वानी-काठगोदाम डिपो की 30 बसें फंसीं रही। करीब आठ घंटे तक यात्री बसों में पसीना बहाते रहे। इधर, बसों के न आने से हल्द्वानी स्टेशन पर यात्री बेहाल रहे। घंटों इंतजार करने के बाद भी उन्हें बसें नहीं मिलीं।
सोमवार रात से लगे जाम के कारण दिल्ली रूट में रोडवेज की बसें और छोटे वाहन रेंगते रहे। रोडवेज चालकों ने बताया कि जाम में फंसने से बसों ने दो किलोमीटर की दूरी दो घंटे में तय की। यात्री मुकेश और धीरज ने बताया कि वे परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए हैं। बस को मंगलवार सुबह पांच बजे हल्द्वानी पहुंच जाना चाहिए था लेकिन यह दोपहर एक बजे पहुंची। हल्द्वानी से दिल्ली जाने वाले यात्री भी बसों के लिए हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर घंटों इंतजार करते रहे। दिव्या ने बताया कि उन्हें 10 बजे निकलना था। दिल्ली रूट में बस नहीं होने के कारण एक बजे तक बस नहीं मिल पाई है। हल्द्वानी डिपो के स्टेशन इंचार्ज दिनेश जोशी ने बताया कि बसें आठ-आठ घंटे लेट आईं। इस कारण दिल्ली रूट में बसें कम पड़ गईं।
हापुड़ में बसों के अंदर, हल्द्वानी में स्टेशन पर बहाना पड़ा पसीना
फिर आठ घंटे जाम में फंसीं रोडवेज की 30 बसें