नैनीताल। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से संचालित विमर्श चाइल्ड लाइन जिला सलाहकार बोर्ड की बैठक मंगलवार को जिला सभागार में डीएम विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में हुई। डीएम ने विमर्श संस्था की निदेशक कंचन भंडारी से कहा कि वह 1098 का व्यापक एवं ग्रामीण स्तर पर प्रचार-प्रसार कराएं, वाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की जानकारी जनसाधारण को पहुंचाएं।
डीएम ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के आर्थिक सहयोग से संचालित यह कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी है। 18 वर्ष तक के ऐसे बच्चे जिन्हें देखभाल एवं संरक्षण की जरूरत है, वह इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में यह योजना वर्ष 2013 से स्वयंसेवी संस्था विमर्श द्वारा संचालित की जा रही है। प्रदेश के 10 जिलों में यह योजना कार्यरत है। भारत के 400 से अधिक जिलों में 700 पार्टनर संस्था के साथ यह सेवा गतिमान है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 निर्धारित किया गया है, हेल्पलाइन सेवा 24 घंटे कार्यरत है। इसमें बच्चा स्वयं या बच्चे की सुरक्षा के लिए कोई भी व्यक्ति फोन कर सकता है। उन्होंने बताया कि चाइल्ड लाइन द्वारा चिकित्सकीय सहयोग, शोषण एवं दुर्व्यवहार से बचाव, आश्रय या पुनर्वासन, गुमशुदा बच्चों की खोजबीन, भावनात्मक सहायता, मार्गदर्शन, कानूनी सहयोग दिया जाता है। उन्होंने संस्था सदस्यों से कहा कि वह जिले के विद्यालयों में जाकर सक्सेस स्टोरी से छात्र-छात्राओं के मध्य कार्यक्रम आयोजित करें, ताकि बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन सेवा के प्रति जागरूक हों। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी अंजना गुप्ता, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी कांडपाल, बाल कल्याण समिति सदस्य सुमन रानी, शाहीन, शेखर संगीता राव, लता बिष्ट, विजय तिवारी, व्योमा जैन, पल्लवी तिवारी आदि थे।
1098 का करें व्यापक प्रचार : डीएम
डीएम ने चाइल्ड हेल्पलाइन विमर्श संस्था के साथ की बैठक