हल्द्वानी। कुमाऊं में मंगलवार को एक दिन में 63 घटनाओं में 102 हेक्टेयर जंगल जल गया। फायर सीजन शुरू होने के बाद से सबसे ज्यादा घटनाएं हैं, जो एक दिन में रिपोर्ट हुई हैं।
मंगलवार को कालाढूंगी, बन्नाखेड़ा, आमपोखरा, नैनीताल वन प्रभाग के अंतर्गत भवाली, कोसी रेंज, रानीखेत, पिथौरागढ़ के बेड़ीनाग, अल्मोड़ा के द्वाराहाट, बिनसर वन्यजीव अभयारण्य, नैनीताल के पदमपुरी, ओखलकांडा के पतलोट, तराई केंद्रीय वन प्रभाग में सात जगह, हल्द्वानी वन प्रभाग में दो वन क्षेत्र में आग लग गई। आग से 102 हेक्टेयर जंगल जल गया। मंगलवार तक कुमाऊं में 836 वनाग्नि की घटनाएं हो चुकी है, जिसमें 1227.30 हेक्टेयर जंगल को नुकसान पहुंचा है। सिविल सोयम और वन पंचायतों में 145 जगह पर आग लगी है। आग से 256.20 हेक्टेयर जंगल जल गया है। वन संरक्षक डॉ. तेजस्विनी पाटिल के अनुसार आग बुझाने के लिए सभी संसाधनों और कर्मियों को लगाया गया है। राजस्व क्षेत्र में लगने वाली आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन से भी सहयोग करने को कहा गया है। नैनीताल वन प्रभाग की तरफ से जिला प्रशासन को भी पत्र लिखा गया है।
कुमाऊं में आग से एक दिन में जल गया 102 हेक्टेयर जंगल
कुमाऊं में आग की 63 घटनाएं रिकॉर्ड की गईं
तराई केंद्रीय वन विभाग में सात और हल्द्वानी वन प्रभाग में दो जगह लगी आग