लालकुआं (नैनीताल)। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ से रामनगर को दूध सप्लाई कर रहे वाहन में 25 कैरेट यानी 300 लीटर अतिरिक्त दूध चला गया। मामला प्रकाश में आने के बाद प्रबंधन ने दो सुरक्षा कर्मियों को बर्खास्त कर दिया। साथ ही सुरक्षा कर्मियों के ठेकेदार पर पंद्रह हजार का जुर्माना ठोक दिया और सुपरवाइजर की वेतन वृद्धि रोक दी।
12 दिसंबर की रात को नैनीताल दुग्ध संघ से रामनगर को दूध व दुग्ध पदार्थों को लेकर रवाना हुए वाहन में दुग्ध संघ कर्मियों ने 25 कैरेट यानी 300 लीटर दूध अतिरिक्त भेज दिया। रामनगर में दूध की सप्लाई पूरी करने के बाद वाहन में 25 कैरेट दूध बच गया। इसकी सूचना ड्राइवर ने सुपरवाइजर को दी। जांच के दौरान पता चला कि अतिरिक्त दूध बगैर डिमांड के चला गया था। इसे वापस मंगा लिया गया। मामला प्रकाश में आने के बाद दुग्धशाला में चर्चाएं होने लगीं। मामले को तूल पकड़ता देख दुग्ध संघ सामान्य प्रबंधक अजय क्वीरा ने कार्रवाई करते हुए दूध के कैरेट लोड करने के दौरान मौजूद सुरक्षा कर्मी और मुख्य द्वार के गार्ड को बर्खास्त कर इनके ठेकेदार पर 15000 रुपये जुर्माना ठोक दिया। साथ ही दुग्ध वाहन को जांच पड़ताल के बाद दुग्ध संघ से रवाना करने वाले सुपरवाइजर की वेतन वृद्धि रोकते हुए चेतावनी पत्र दिया है।
रामनगर को ज्यादा दूध भेजने पर दो सुरक्षा कर्मी बर्खास्त
ठेकेदार पर 15 हजार रुपये जुर्माना, सुपरवाइजर की वेतनवृद्धि रोकी