नैनीताल। दूरस्थ क्षेत्र के पाटकोट राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विलीनीकरण को गलत बताए जाने संबंधी शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री सचिव एवं कमिश्नर राजीव रौतेला ने जांच के आदेश दिए हैं। सचिव ने एडी केके गुप्ता से एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावक संघ और जनप्रतिनिधियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिव राजीव रौतेला से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि 15 नवंबर 2018 को माध्यमिक शिक्षा अनुभाग की ओर से विद्यालय के विलीनीकरण का आदेश जारी किया गया है। यह आदेश विद्यालय में छात्रों की कम संख्या को दर्शाकर किया गया है। जबकि विद्यालय में पर्याप्त छात्र संख्या है। यहां 6 से 10 तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं और छात्र संख्या कभी 30 से कम नहीं रही। अभिभावक संघ और जनप्रतिनिधियों ने विलीनीकरण के आदेश पर पुनर्विचार किए जाने की जरूरत बताई और विद्यालय दोबारा संचालित किए जाने की मांग की। सचिव ने अपर निदेशक शिक्षा कुमाऊं केके गुप्ता को फोन पर आदेश दिया कि वह इस संबंध में अपनी आख्या एक सप्ताह के अंदर दें। इस दौरान ग्राम प्रधान संजय कुमार, अध्यक्ष शिक्षक अभिभावक संघ धनीराम, ग्राम प्रधान संजय कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता महेश चंद्र, शाकिर, कैलाश चंद्र, धीरज, चनीराम, नीरज कुमार, भुवन कुमार, चंदन राम, कैलाश, रेवराम, केशव चंद्र आदि मौजूद रहे।
पाटकोट विद्यालय के विलीनीकरण की सीएम सचिव ने शुरू कराई जांच
एडी केके गुप्ता से एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट