नैनीताल। डीएसबी परिसर के एसआर छात्रावास की एक छात्रा रविवार रात बीमार हो गई जिसके बाद उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं छात्रावास में अन्य छात्रों के बीमार होने का मामला सामने आने के बाद परिसर प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
डीएसबी परिसर के एसआर छात्रावास में 90 से अधिक छात्राएं रह रही हैं। बीती रात एक छात्रा की तबियत बिगड़ गई। इसके बाद छात्रा को अस्पताल ले जाया गया। सोमवार को छात्रा की दोपहर की पाली में परीक्षा होने कारण वह छुट्टी लेकर छात्रावास लौट आई। छात्रा के बीमार होने की सूचना पर कुछ छात्रों के साथ अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पदम सिंह बिष्ट ने सुबह छात्रावास पहुंचकर बीमार हुई छात्रा से मुलाकात की। प्रो.बिष्ट को छात्राओं ने बताया कि कुछ दिनों पहले भी कई छात्राएं बीमार हुई थीं। उन्होंने छात्रावास की मैस की ओर से मिलने वाले खाने में खामियां होने का आरोप लगाया है। छात्राओं ने कहा कि देर रात किसी का स्वास्थ्य खराब होने की दशा में उसे अस्पताल ले जाने की भी व्यवस्था नहीं की गई। टैक्सी गाड़ियों की व्यवस्था करनी पड़ती है।
डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. एलएम जोशी ने कहा कि छात्रावास में छात्राओं के बीमार होने का मामला संज्ञान में आया है और उन्होंने मैस के खाने में खामियां होने की शिकायत की है। छात्रावास वार्डन को पत्र लिखकर मामले में जवाब मांगा गया है।
- छात्राओं ने मैस के खाने में खामियों का लगाया आरोप