नैैनीताल। इस बार हल्द्वानी नगर निगम की मतगणना एक की जगह पर चार पंडालों में होगी। प्रत्येक पंडाल में 14 टेबल लगाए जाएंगे। यानी कुल 56 टेबलों पर मतगणना होगी। ऐसे में हल्द्वानी का चुनाव परिणाम रात करीब आठ बजे तक आने की उम्मीद है। बाकी निकायों के परिणाम शाम चार बजे तक आ जाएंगे।
डीएम विनोद कुमार सुमन ने बताया कि इस बार भी चुनाव परिणाम देर से न आएं इसलिए एक की जगह चार पंडाल और 56 टेबल लगाने का निर्णय लिया गया है। निर्वाचन आयोग ने इसकी अनुमति दे दी है। बताया कि इस बार बैलेट पेपर से चुनाव कराया जा रहा है। ऐसे में मतगणना लेट होने का अनुमान था। अब पांच राउंड में मतगणना खत्म होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन 80 प्रतिशत मतदान होने की उम्मीद के साथ मतगणना के लिए अपनी तैयारी कर रहा है।
रात आठ बजे तक आ सकता है हल्द्वानी का चुनाव परिणाम
डीएम ने निर्वाचन आयोग से ली चार पंडाल लगाने की अनुमति
56 टेबलों पर पहली बार होगी मतगणना
कहां कितने टेबल
रामनगर एक पंडाल 14 टेबल
नैनीताल एक पंडाल 11 टेबल
भवाली एक पंडाल चार टेबल
भीमताल एक पंडाल तीन टेबल
लालकुआं एक पंडाल चार टेबल
कालाढूंगी में एक पंडाल चार टेबल
दो शिफ्टों में होगी कर्मचारियों की ड्यूटी
नैनीताल। डीएम कहा कि हल्द्वानी को छोड़ कर अन्य सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों की मतगणना शाम चार बजे तक पूरी होने की उम्मीद है। हल्द्वानी नगर निगम की मतगणना शाम आठ बजे तक खत्म हो सकती है। मतगणना कर्मियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है। पहली शिफ्ट के कर्मचारी सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक और दूसरी शिफ्ट के कर्मचारी शाम आठ बजे से सुबह आठ बजे तक ड्यूटी करेंगे। डीएम ने कहा कि मतगणना के दौरान पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी। हर राउंड के बाद एजेंटों की स्वीकृति ली जाएगी। सभी को संतुष्ट करने के बाद ही अगले राउंड में प्रवेश किया जाएगा।
1700 पुलिस कर्मी एक कंपनी, तीन प्लाटून पीएसी संभालेगी सुरक्षा का जिम्मा
चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए लगभग 1700 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें पांच सीओ, सात इंस्पेक्टर, 128 एसआई, 121 हेड कांस्टेबल, 602 कांस्टेबल, 106 महिला कांस्टेबल, 478 होमगार्ड, 210 पीआरडी जवान, एक कंपनी व तीन प्लाटून पीएसी शामिल हैं।
सीसीटीवी की निगरानी में होगी मतगणना
डीएम ने बताया कि चुनाव में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी। मतगणना सीसीटीवी की निगरानी में होगी। उन्होंने कहा कि कई बार एजेंट और प्रत्याशी धांधली के गलत आरोप लगाने लगते हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए सीसीटीवी का सहारा लिया जाएगा। पूरी मतगणना सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष चौकसी
पुलिस संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर खास सतर्कता रखेगी। अतिसंवेदनशील बूथों पर एक एसआई और चार कांस्टेबल सशस्त्र तैनात रहेंगे। इसी तरह संवेदनशील बूथों पर एक एसआई या हेडकांस्टेबल और दो कांस्टेबल तैनात रहेंगे।
16 नवंबर तक बनवा लें एजेंट
डीएम ने कहा कि मतगणना के लिए प्रत्याशी अपने एजेंट बनवा लें। उन्होंने कहा कि 16 नवंबर तक हर हाल में एजेंटों के दस्तावेज जमा कर दें। ताकि समय रहते प्रत्याशी अपने मतगणना एजेंट नियुक्त कर सकें।