नैनीताल। डॉक्टर, इंजीनियर, लेखक बनने की हसरत दिल में लिए युवाओं की आंखों में प्रदेश के सुनहरे भविष्य के सपने पल रहे हैं। युवाओं का कहना है कि उत्तराखंड प्रदेश अन्य प्रदेशों की अपेक्षा नया है, नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश को और ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सभी जाति, धर्म के लोगों को मिलकर काम करना होगा, तभी प्रदेश महान बन सकेगा।
हमारा उत्तराखंड नौ नवंबर को 18 साल का हो रहा है। अलग राज्य बनने के बाद से उत्तराखंड लगातार तरक्की की राह पर अग्रसर है। राज्य स्थापना दिवस के बारे में युवाओं ने खुलकर अपने विचार उमर उजाला से साझा किए। युवाओं की आंखों में राज्य की तरक्की के सुनहरे सपने पल रहे हैं। युवा चाहते हैं कि उनकी तरक्की के साथ ही प्रदेश की भी तरक्की हो।
हमारा प्रदेश धीरे धीरे आगे बढ़ता जा रहा है। मैं यहीं रहकर तरक्की करना चाहता हूं। मुझे उम्मीद है कि हमारा प्रदेश एक दिन जापान, रूस, अमेरिका से भी आगे निकल जाएगा। ऐसा तभी होगा जब सभी जाति, धर्म के लोग साथ मिलकर काम करेंगे।
-आयुष शर्मा।
मैं डाक्टर बनना चाहता हूं। चाहता हूं कि पहाड़ की परंपराएं कायम रहें। उत्तराखंड बाकी सभी प्रदेशों से कम उम्र का है, लेकिन उत्तराखंड ने बीते 18 साल में वो कर दिखाया है जो अन्य स्टेट लंबा समय बीतने के बाद भी नहीं कर पाए। -विकास बिष्ट।
मैं टीचर बनना चाहती हूं और उत्तराखंड में रहकर प्रदेश, यहां के लोगों की सेवा करना चाहती हूं। आने वाले दिनों में उत्तराखंड रहने के लिए सबसे बेहतर जगह होगी ऐसा मेरा मानना है। प्रदेश, इसके शहर, गांवों का विकास लगातार हो रहा है। -रेनू यादव।
युवाओं की आंखों में प्रदेश के सुनहरे भविष्य के सपने
युवाओं ने कहा, सभी जाति, धर्म के लोग साथ मिलकर करें प्रदेश की तरक्की का प्रयास 18 साल का हुआ अपना उत्तराखंड