कॉर्बेट नेशनल पार्क बारिश के दिनों में बंद कर दिया जाता है।
- फोटो : अमरउजाला
रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला जोन में हर बार 15 नवंबर से पर्यटन गतिविधियां शुरू होती हैं। इसके लिए जोन खुलने से 45 दिन पहले ऑनलाइन एडवांस बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो जाती है लेकिन इस बार मामला हाईकोर्ट पहुंचने के कारण कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) प्रशासन ने ढिकाला के लिए ऑनलाइन एडवांस बुकिंग प्रक्रिया शुरू नहीं की है। ऐसे में पर्यटक घटने की आशंका से पर्यटन कारोबारी चिंतित हैं।
ढिकाला जोन में जिप्सियों के जाने, रात्रि विश्राम पर रोक लगी है जबकि पिछले वर्ष ढिकाला जोन से सीटीआर प्रशासन को करीब एक करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की टीम 13 नवंबर तक रिपोर्ट पेश करेगी, उसके बाद ही ढिकाला जोन खोलने के बारे में कोई फैसला हो पाएगा। इसके लिए एनटीसीए की टीम अगले माह रामनगर आ रही है और जांच के बाद ही यह टीम रिपोर्ट 13 नवंबर तक हाईकोर्ट में रिपोर्ट देगी। इस दौरान सीटीआर प्रशासन की ओर से ढिकाला जोन खोलने के संबंध में कोई जानकारी ऑनलाइन नहीं की गई है। हालांकि हर वर्ष 15 नवंबर को ढिकाला जोन खोला जाता है और जोन खोलने से 45 दिन पहले विदेशियों को एडवांस बुकिंग सुविधा मिलती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है, इससे साफ है कि ढिकाला जोन में विदेशी पर्यटक नहीं दिखाई देंगे। इससे कारोबारियों समेत कॉर्बेट प्रशासन भी चिंतित है। वहीं पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि न्यायालय ने दिवसीय भ्रमण नहीं रोका है, सिर्फ वाहनों की संख्या सीमित रखने को कहा है जोकि पहले से ही सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एनटीसीए सीमित कर चुका है जबकि सीटीआर के निदेशक राहुल ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों का पालन कराया जा रहा है। अगले निर्देशानुसार ही जरूरी कार्यवाही की जाएगी।