नैनीताल। 15वें वित्त आयोग की टीम ने बुधवार को नगर के एक होटल में पर्यटन कारोबारियों के साथ बैठक की। टीम ने व्यवसायियों से पर्यटन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और समस्याएं जानीं। कारोबारियों ने टीम के सामने पर्यटन उद्योग के आर्थिक तंगी में होने की बात रखी और उबारने की मांग की। कहा कि अच्छी सड़क, ट्रेन और हवाई सुविधा नहीं होने से हाई क्लास पर्यटकों की संख्या कम हो रही है। उन्होंने टीम से पर्यटन के लिए बजट जारी करने की मांग की गई।
आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह ने कहा कि उत्तराखंड विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला प्रदेश है। गहन अध्ययन के बाद वित्त में बढ़ोतरी के लिए भारत सरकार से अनुशंसा की जाएगी। प्रदेश में दैवी आपदा से भी काफी नुकसान हर साल होता है।
पर्यटन विकास के लिए प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई सेवा का विस्तार करना होगा। रेल सेवाओं को दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचाना होगा। उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक साहित्य का भी दूर तक प्रचार करना होगा। होटल एसोसिएशन भीमताल के कोषाध्यक्ष महेन्द्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय का और विस्तार वित्त पोषण किया जाना आवश्यक है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश के दूरगामी क्षेत्र में आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त रिसोर्ट की कमी है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रिसोर्ट की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। प्रवीण शर्मा ने कहा कि पर्यटन व्यवसाय को बढ़ाने के लिए सुविधाओं में विस्तार करना होगा। पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के नितिन राणा ने कहा कि पैराग्लाइडिंग पर्यटकों को आकर्षित करती है, इसे शुरू कराया जाना चाहिए। पर्यटन व्यवसायी महेन्द्र वर्मा, कलम त्रिपाठी ने भी अपने सुझाव आयोग के सामने रखे।
बैठक में संयुक्त सचिव वित्त आयोग भारत सरकार मुखमीत एस भाटिया, सचिव वित्त अमित नेगी, पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, प्रबंध निदेशक सिडकुल सौजन्या, सचिव अरविंद सिंह हयांकी, आयुक्त कुमायूं, राजीव रौतेला, डीएम विनोद कुमार सुमन, अपर वित्त सचिव सविन बंसल, प्रबंध निदेशक केएमवीएन धीराज सिंह गर्ब्याल, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम, ओएसडी वित्त आयोग भारत भूषण गर्ग, उप निदेशक अनशुमन मिश्रा, एडीएम हरबीर सिंह, एएसपी हरीश चंद्र सती, उप निदेशक योगेश मिश्रा, लेखा परीक्षा अधिकारी बहादुर सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
आयोग अध्यक्ष ने मां नैना देवी के दर्शन किए
अलचौना गांव से लौटने के बाद 15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह ने टीम के साथ मां नैना देवी के दर्शन किए। यहां उन्होंने मां के दर्शन कर प्रार्थना की। वह दुर्गा मां की आरती में भी शामिल हुए।
आयोग के सामने रखी पर्यटन कारोबार को उबारने की मांग
-15वें वित्त आयोग की टीम के सामने पर्यटन कारोबारियों ने बयां किया दर्द
बोले-सुविधाएं न होने से नैनीताल नहीं आ रहे हाई क्लास पर्यटक