नैनीताल। नगर में सोमवार से पांच दिनी दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू हो रहा है। पहले दिन सुबह साढे़ आठ बजे नैना देवी मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और मां की मूर्ति स्थापित की जाएगी।
आयोजक श्री दुर्गा पूजा कमेटी के मीडिया प्रभारी भाष्कर महतोलिया ने बताया कि कलश यात्रा रिक्शा स्टैंड, इलाहाबाद बैंक, बड़ा बाजार होकर नैनादेवी मंदिर के पंडाल में समाप्त होगी। इसके बाद षष्ठी पूजा, दिन के दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए गुरुद्वारे के सामने एक मंच भी तैयार किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एलपीएस स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर नैनीताल, नई दिशा समिति, हिमालय कला समिति बिंदुखत्ता, पर्वतीय महिला मंच, ग्राम विकास समिति रामनगर आदि कलाकार प्रस्तुति देंगे। विधायक संजीव आर्या और पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इसके बाद अगले चार दिन में नैनीताल, हल्द्वानी, भीमताल, भवाली के 15 स्कूलों से आए बच्चे भी भिन्न प्रकार के कार्यक्रम देंगे।