लालकुआं (नैनीताल)। डेमू ट्रेन से अराजक तत्वों द्वारा चोरी किया गया सामान उपलब्ध नहीं होने के कारण अब तक ट्रेन का संचालन नहीं हो पाया है। विभाग ने कोच में लगने वाले उपकरणों को चेन्नई से मंगाया है। फिलहाल फिटिंग का काम चल रहा है। विभाग के मुताबिक सब कुछ ठीक रहा तो शुक्रवार से डेमू ट्रेन रेलवे ट्रैक पर फिर से दौड़ सकती है।
बरेली से लालकुआं और काशीपुर के लिए चलाई गई अत्याधुनिक डेमू ट्रेन का सामान चोरी होने की घटना के बाद पांच दिन से ट्रेन का संचालन बंद पड़ा है। रेलवे डेमू की जगह परंपरागत ट्रेन का संचालन कर रहा है। रेलवे के एपीआरओ डीसी चौहान के मुताबिक डेमू ट्रेन चेन्नई से बनकर आई थी लिहाजा उसमें लगने वाला सामान चेन्नई से मंगाया गया है। सामान की पूरी फिटिंग के बाद संभवत: शुक्रवार से ट्रेन के संचालन की संभावना है।
डेमू में बैठकर आएंगे मंडल रेल प्रबंधक
लालकुआं। मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर दिनेश कुमार सिंह शुक्रवार को लालकुआं से बरेली रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। वे जंक्शन विस्तारीकरण योजना का जायजा लेंगे। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि डेमू ट्रेन का काम लगभग पूर्ण हो गया है। शुक्रवार को डीआरएम डेमू में बैठकर बरेली से आ सकते हैं।
गंदगी फैलाने पर 14 यात्रियों का चालान
लालकुआं। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बृहस्पतिवार को आरपीएफ ने गंदगी फैलाने पर 14 रेल यात्रियों का चालान किया। आरपीएफ कोतवाल बीके सिंह के मुताबिक स्टेशन प्लेटफार्म और ट्रेेन के कोच में गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया।