नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव के लिए शनिवार को भक्त झूमते-नाचते कदली वृक्ष लेकर नगर में पहुंचे। इस दौरान मां नंदा सुनंदा के नारों से नगर गूंज उठा।
रविवार को इन कदली वृक्षों से मां नंदा व सुनंदा की आकर्षक मूर्तियों का निर्माण होगा और सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा के बाद नंदाष्टमी के दिन उन्हें भक्तजनों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। श्री राम सेवक सभा के सहयोग से आयोजित नंदा देवी महोत्सव के तहत जलालगांव से कदली वृक्षों को भक्तजन पहले दोपहर तीन बजे सूखाताल लाए। सूखाताल में रामलीला कमेटी जबकि तल्लीताल में श्री मां वैष्णो देवी मंदिर में कदली वृक्षों की विशेष पूजा अर्चना के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। स्कूलों के बच्चों के साथ ही स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा (रंगावली-पिछौड़ा) के बीच कदली वृक्षों को नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान श्री राम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, उपाध्यक्ष अनूप शाही, महासचिव राजेंद्र लाल साह, उपसचिव डॉ. मोहित सनवाल, मुकेश जोशी मंटू, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, जगदीश बवाड़ी, डॉ. सरस्वती खेतवाल, प्रबंधक विमल चौधरी, गिरीश जोशी मखन्न, घनश्याम लाल साह, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, भीम सिंह कार्की, अरविंद सिंह पडियार आदि भक्तजन जुटे रहे।
वाहनों से प्रभावित हुआ नगर भ्रमण
कदली वृक्ष शोभायात्रा के दौरान माल रोड पर वाहनों का प्रवेश बंद रखा जाना था, लेकिन यह व्यवस्था लड़खड़ा गई। पुलिस वाहनों को माल रोड पर जाने से पूरी तरह नहीं रोक पाई और वाहन शोभायात्रा के बीच जा पहुंचे। इससे आंशिक रूप से शोभायात्रा प्रभावित हुई।
वैष्णो मंदिर में हुई पूजा अर्चना
कदली वृक्ष जलाल गांव से सूखाताल पहुंचा। यहां से वैष्णो देवी मंदिर लाया गया। यहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कदली वृक्षों की पूजा की गई। इसके बाद नगर भ्रमण के लिए यात्रा निकली। श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाने के साथ जमकर भजन कीर्तन किए।