खटीमा। क्षेत्र के गांगी गिधौर गांव में युवक के डूबने की सूचना पर परिजनों को सांत्वना देने जाते समय विधायक पुष्कर सिंह धामी की कार खनारा नदी के पुल पर निर्माणाधीन अप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने से अचानक लटक गई।
हादसे में विधायक समेत कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए। बाद में ट्रैक्टर की मदद से कार को खींचकर सड़क पर लाया गया।
विधायक धामी ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे वह अपनी इनोवा कार से भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, प्रमोद जोशी, गनर लक्ष्मण सिंह और चालक कौशल के साथ गांगी गिधौर में कामन नदी में डूबे रजत सिंह राणा के घर परिजनों को सांत्वना देने जा रहे थे।
बिरिया-दियां रोड पर खनारा नदी में पुल से कार गुजर रही थी कि निर्माणाधीन अप्रोच रोड पर कार कुछ दूर जाने के बाद पुल से एक ओर लटक गई। उन्होंने बताया कि लोनिवि ईई को फोन पर मरम्मत और अप्रोच रोड न बनने तक तत्काल सड़क बंद का बोर्ड लगाने के निर्देश दे दिए हैं।