नैनीताल/ हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध दोनों परिसरों और महाविद्यालयों में छात्रसंघों में इस वर्ष से सांस्कृतिक सचिव के नए पद को शामिल कर दिया है, जिसको लेकर विवि प्रशासन की ओर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। वहीं, विश्वविद्यालय द्वारा छात्र उपाध्यक्ष पद पर चुनाव न होने को लेकर एक दिन पहले जारी किए गए अपने आदेश में भी शुक्रवार को संशोधन कर दिया। विवि के इस आदेश से महाविद्यालयों में असमंजस पैदा होने के साथ ही छात्रों में आक्रोश की स्थिति पैदा हो गई थी। विवि ने शासनादेश का हवाला देते हुए छात्रसंघ चुनाव में छात्र उपाध्यक्ष और छात्रा उपाध्यक्ष यानी कि दोनों पदों पर चुनाव कराने का संशोधन आदेश भी महाविद्यालयों को भेज दिया है।
कुमाऊं विवि की ओर से छात्रासंघ चुनाव के बाबत महाविद्यालयों को बृहस्पतिवार को आदेश जारी कर किए थे। जिसमें इस बार छात्र उपाध्यक्ष पद पर चुनाव न होने की बात कही गई थी। शुक्रवार को यह समाचार प्रकाशित होने पर महाविद्यालयों में असमंजस फैलने के साथ ही छात्रनेताओं में आक्रोश पैदा हो गया। एमबीपीजी कालेज हल्द्वानी में तो छात्रों ने प्राचार्य को घेर लिया। कई स्थानों से विरोध होने पर विश्वविद्यालय ने शासनादेश को देखा तो पाया गया कि छात्र उपाध्यक्ष के पद पर इस साल तो पूर्व की भांति ही चुनाव होने की बात कही गई है तथा छात्राओं के लिए आरक्षण अगले वर्ष से लागू होगा। इसके बाद कुमाऊं विवि ने आनन फानन में आदेश में संशोधन जारी कर दिया। अब छात्र और छात्रा उपाध्यक्ष के दोनों पदों में चुनाव होगा।
उच्चशिक्षा विभाग की ओर से छात्र संघ में सांस्कृतिक सचिव के पद को भी शामिल किया है। विवि से संबद्ध कॉलेजों और परिसरों में पहले सांस्कृतिक सचिव का कोई पद नहीं हुआ करता था, बल्कि सांस्कृतिक परिषद का गठन छात्र संघ के निर्वाचित पदाधिकारियों की ओर से किया जाता था और कई कॉलेजों में तो परिषद का गठन नहीं भी हो पाता था, लेकिन इस वर्ष से विद्यार्थी छात्र संघ चुनाव में सांस्कृतिक सचिव को भी चुने सकेंगे।
विवि के निदेशक डीआईसी प्रो. संजय पंत ने बताया कि इस पद पर प्रत्याशी स्नातक पास और कॉलेज का संस्थागत विद्यार्थी होना चाहिए। साथ ही नामांकन के दौरान प्रत्याशी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने का भी प्रमाण देना होगा। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को होने वाले कुविवि छात्र महासंघ चुनाव में सिर्फ कॉलेजों से चुने विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ही चुनाव लड़ने के साथ मतदान के अधिकारी होंगे।
इस पद के लिए देना होगा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग का प्रमाण
छात्र उपाध्यक्ष और छात्रा उपाध्यक्ष के पदों पर चुनाव कराने की जानकारी महाविद्यालयों को भेजी
कॉलेजों में चार सितंबर तक होंगे प्रवेश
नैनीताल। कुमाऊं विवि की ओर से छात्र संघ चुनावों और छात्रों की ओर से प्रवेश की तिथि बढ़ाने की मांग को देखते हुए कॉलेजों में प्रवेश की तिथि बढ़ाते हुए चार सितंबर कर दी गई। इस तिथि तक प्रथम सेमेस्टर के साथ ही अन्य सभी प्रवेशों की प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश विवि ने जारी किए हैं।