चोरगलिया (नैनीताल)। नंधौर नदी की बाढ़ में बहने से ग्रामीण की मृत्यु हो गई। ग्राम बिहारीनगर निवासी भुवन आर्या (45) पुत्र दीवान राम गांव में ही मजदूरी करता था। बुधवार सुबह करीब दस बजे वह घर से आधा किमी दूर कड़ापानी प्रथम गेट के सामने नंधौर नदी का बहाव देखने गया था, तभी पैर फिसलने से वह बाढ़ में बह गया। काफी देर तक उसके घर न लौटने पर दोपहर बाद परिजनों ने उसकी तलाश की तो सूचना मिली कि गांव से तीन किमी दूर सितारगंज थाना क्षेत्र के उकरौली कैलाश नदी मेें अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। इस सूचना के आधार पर भुवन के परिवार वाले सिडकुल चौकी सितारगंज पहुंचे और शव की शिनाख्त भुवन के रूप में हुई। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव खटीमा चिकित्सालय भेज दिया। भुवन के चार बच्चों समेत पत्नी का रोरोकर बुरा हाल है।