रामनगर में पर्यटन बचाने की मांग
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर (नैनीताल)। विधायक दीवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पर्यटन कारोबारियों का प्रतिनिधिमंडल देहरादून जाकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिला। रोजगार एवं पर्यटन बचाओ समिति के बताया कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार पर्यटन गतिविधियां चल रही हैं जो कि भारत सरकार से भी स्वीकृत हैं। इसके बावजूद हाईकोर्ट के आदेश पर कॉर्बेट में निजी वाहनों पर रोक समेत 250 वाहनों के सापेक्ष विशेष परमिटशुदा 100 वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। इससे रोजगार घटेगा। सरकारी राजस्व भी कम होगा। समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने महाधिवक्ता से फोन पर वार्ता की। मुख्यमंत्री ने विधायक समेत समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार रोजगार को प्रभावित नहीं होने देगी। इसके लिए चाहे सुप्रीम कोर्ट ही क्यों न जाना पड़े। प्रतिनिधिमंडल में मदन जोशी, अजय छिम्वाल, प्रशांत कुमार, अरुण कुमार, आशीष ठाकुर, हेम बहुगुणा, अशोक भट्ट, अतुल बिष्ट, राजेश नेगी आदि थे।