हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में बीए प्रथम सेमेस्टर में और अतिरिक्त सीटें बढ़ाने को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं हो सका है। उच्चशिक्षा निदेशालय ने महाविद्यालय में सीटें बढ़ाने संबंधी निर्णय लेने का अधिकार कुमाऊं विश्वविद्यालय के पास होने के तर्क देकर गेंद विश्वविद्यालय के पाले में डाल दी है। इधर, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश प्रक्रिया चलती रही। प्रभारी प्राचार्य डा. रेखा ने बताया कि आंदोलित छात्रों के मांगपत्र को उच्चशिक्षा निदेशक और कुमाऊं विश्वविद्यालय को भेज दिया गया था लेकिन कहीं से भी बीए में सीटें बढ़ाने को लेकर कोई निर्देश नहीं मिले हैं। इधर, उच्चशिक्षा निदेशालय ने सीटें बढ़ाने का अधिकार कुमाऊं विश्वविद्यालय के पास होने की बात कह कर अपना पल्ला झाड़ लिया है, वहीं कुमाऊं विवि भी मानक से 40 फीसदी अधिक सीटें बढ़ाने के उपरांत और सीटें बढ़ाने को तैयार नहीं है।