लालकुआं (नैनीताल)। फेसबुक में खुद को कुंवारी बताकर गौलापार के युवक के साथ घर से भागकर जा रही महिला को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में जब युवक को पता चला कि वह दो बच्चों की मां है तो वह दंग रह गया। इतना ही नहीं महिला के पति ने भी उसे साथ रखने से इंकार कर दिया है। पुलिस ने दोनों को एसडीएम कोर्ट में बयान दर्ज करने को भेज दिया।
क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को एक अनजान युवक के साथ गांव की ही एक महिला को ग्रामीणों ने देखा। संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने गांव से निकलते ही दोनों को पकड़ लिया और बाद में ग्रामीण कोतवाली ले आए, जहां दोनों ने एक दूसरे को प्रेमी और प्रेमिका बताया। इसके बाद महिला के पति ने भी उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया। गौलापार निवासी तेजप्रताप श्रीवास्तव (20) को जब पुलिस कर्मियों ने महिला के दो बच्चे होने की बात बताई तो वह दंग रह गया। तेजप्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि फेसबुक पर उसका लंबे समय से महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला ने खुद को कुंवारी बताया था। कोतवाली पुलिस ने दोनों को उपजिलाधिकारी कोर्ट में बयान के लिए भेज दिया। साथ ही युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया है।