नैनीताल। जिला क्रीड़ा संघ, जिमखाना क्लब की लैंडो लीग फुटबाल प्रतियोगिता में रविवार को किलर क्लब ने लिमैक्स क्लब को 1-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर, ओलंपियन राजेंद्र सिंह रावत ने विजेता, उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
डीएसए मैदान में फाइनल मुकाबले में किलर क्लब, लिमैक्स क्लब के खिलाड़ी आमने सामने थे। पहले हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के काफी प्रयास किये लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। दूसरे हाफ में किलर क्लब से विपिन ने गोल किया जबकि लिमैक्स की ओर से कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर सका। इस प्रकार किलर क्लब ने यह मैच 1-0 से जीत लिया। रेफरी भरतवीर, मनोज कुमार, प्रेम सिंह बिष्ट थे। प्रतियोगिता के तहत प्रतियोगिता का बेस्ट फारवर्ड का पुरस्कार लिमैक्स क्लब के अभिनव, गोलकीपर का खिताब किलर क्लब के विपिन, बेस्ट हाफ का पुरस्कार लिमेक्स क्लब के चारु, बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार किलर क्लब के पूरन को दिया गया। अखिलेश बवाड़ी, विमल चौधरी के सहयोग से डीएसए के लक्की ड्रॉ में उमेश सिंह बिष्ट ने 5100 रुपये, विजय पाल सिंह ने 3100 रुपये, संजय कुमार ने 1100 रुपये जीते। डीएसए के महासचिव सुरेंद्र सिंह बिष्ट, आयोजक सचिव दीपक भंडारी ने अतिथियों का स्वागत किया। डीएसए के महासचिव संजय सिंह बिष्ट ने आभार जताया। हेमंत बिष्ट ने संचालन किया। इस मौके पर राजीव गुप्ता, भूपेंद्र सिंह नयाल, डॉ. मनोज सिंह बिष्ट, प्रो. देवेंद्र सिंह बिष्ट, अर्जुन सिंह बिष्ट आदि थे।