नैनीताल में बुधवार को मौसम कुछ इस तरह बना रहा।
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल। सरोवर नगरी के निचले हिस्सों को अगर छोड़ दें तो ऊंचाई वाले क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था राम भरोसे चल रही है, यह हम नहीं खुद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थापित भरे कूड़ेदान और उसके आस पास जमा दोगुना कूड़ा खुद बयां कर रहा है। अगर पालिका प्रशासन ने जल्द ही इन कूड़ेदानों की सफाई नहीं की तो क्षेत्र में महामारी फैल सकती है।
शुक्रवार को जब अमर उजाला की टीम नगर के बिड़ला मोटर मार्ग पर पहुंची तो सीएमओ दफ्तर को जाने वाले मोड़ में कूड़ेदान नहीं था और पूरा कूड़ा जमीन में बिखरा था। इससे थोड़ा आगे जाने पर सीमेंट हाउस में स्थापित कूड़ा दान भरा होने की वजह से बंद पड़ा था लेकिन कूडे़दान से ज्यादा कूड़ा आस पास बिखरा पड़ा था, जिसमें गाय खाद्य सामग्री तलाश रही थी। इससे आगे जाने पर जो छोटे-छोटे कूड़ेदान थे उनकी भी सफाई नहीं हुई थी। साथ ही मोहल्ला ब्रेसाइड की हालत अत्यधिक खराब थी, वहां पर भी कई कूड़ेदान कूड़े से भरे थे और उन कूड़ेदानों में चार से पांच गाए मुंह मार रही थी।
नगर पालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक कुलदीप कुमार ने कहा कि वैसे तो कूड़ेदानों की नियमित सफाई हो रही है लेकिन किसी कूडे़दान से कूड़ा नहीं उठाया होगा तो वह जल्द सफाई करा देंगे। कहा कि पालिका की ओर से सफाई व्यवस्था पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है।