नैनीताल। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर नैनीताल के दर्शनघर पार्क में लेक सिटी वेलफेयर क्लब और डॉ. गिरीश रंजन तिवारी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले नैनीताल के लाल राजेश अधिकारी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, सीईओ कैंट अभिषेक राठौड़, एडीएम हरबीर सिंह, एसडीएम अभिषेक रूहेला आदि ने शहीदों को याद किया।
एडीएम हरबीर सिंह ने गीत के साथ ही आगामी वर्ष में इस आयोजन को भव्य रूप से आयोजित करने का एलान किया। ब्रिगेडियर पीएस बोहरा, कर्नल एचसी साह और रंगकर्मी सुरेश गुरुरानी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से शहीदों को याद रखा जा सकता है। डीएसबी परिसर के पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी ने कहा कि युद्ध के दौरान दुश्मन टीले की चोटी पर था जबकि हमारी सेना तलहटी पर थी। ऐसे में युद्ध केवल सेना की जांबांजी के बूते जीता गया। शहीद राजेश अधिकारी की भाभी करुणा अधिकारी ने संबोधन में शहीदों को पर्याप्त सम्मान नहीं मिलने पर चिंता जताते हुए लेक सिटी वेलफेयर क्लब की सराहना की। आयोजन में तेज सिंह बिष्ट सहित विशप शॉ विद्यालय के विद्यार्थियों और हेमा खर्कवाल ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की संयोजक गीता साह और लेक सिटी क्लब की अध्यक्ष विनीता पांडे ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। संचालन नवीन पांडे ने किया। इस दौरान कर्नल सुरेश गुप्ता, यशपाल रावत, योगेश साह, अदिति खुराना, विमल पांडे, ईओ रोहिताश शर्मा, मुन्नी तिवारी, संतोष साह आदि रहे।