हल्द्वानी। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बारिश के दौरान भी एमबीपीजी कॉलेज में प्रदर्शन किया और प्रवेश प्रक्रिया को बाधित कर दिया। इससे पहले कॉलेज में बीए, बीएससी प्रथम सेमेस्टर में 30 से अधिक दाखिले हो चुके थे। वहीं, एमए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया जारी रही।
महाविद्यालय में सभी विद्यार्थियों को प्रवेश दिए जाने की मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता आंदोलन कर रहा है। बुधवार से विद्यार्थी परिषद के आंदोलित छात्रों ने अनशन शुरू करने का एलान किया था लेकिन सुबह से बारिश होने के कारण अनशन तो नहीं किया लेकिन दोपहर को एमबी कॉलेज पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया ठप करवा दी। बीए प्रथम सेमेस्टर के प्रवेश काउंटरों को जबरन बंद करवा दिया। इसके उपरांत विद्यार्थी परिषद के जिला सह संयोजक अंकित तोलिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्राचार्य डॉ. रेखा पांडे से मिले और मांगों को निस्तारण कराने की मांग की। प्राचार्य ने कहा कि सभी विद्यार्थियों को प्रवेश देने या फिर सीटें बढ़ाने के संबंध में फैसला शासन स्तर पर ही लिया जा सकता है। इसलिए उन्होंने छात्रों की मांगों के संबंध में उच्चशिक्षा निदेशालय को अवगत करवा दिया है। प्राचार्य से वार्ता कर छात्र लौट गए।
बीकॉम की मेरिट लिस्ट जारी
हल्द्वानी। एमबी कॉलेज में वाणिज्य विभाग की प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. संजीव सक्सेना ने बुधवार की शाम बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की मेरिट लिस्ट घोषित की। विद्यार्थी महाविद्यालय के नोटिस बोर्ड पर मेरिट लिस्ट देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि बीकॉम की 880 सीटों में से 800 सीटों की प्रथम मेरिट जारी की गई है। प्रवेश के लिए 1296 आवेदन आए थे। उन्होंने बताया कि मेरिट के अनुसार छात्राओं के दाखिले 28 जुलाई से, छात्रों के पहली अगस्त से दाखिले होंगे।
एमएससी की नहीं हो सकी काउंसलिंग
हल्द्वानी। छात्रों के विरोध के चलते बुधवार को एमएससी के विभिन्न विषयों की बुधवार को होने वाली काउंसलिंग नहीं हो सकी। प्राचार्य डॉ. रेखा पांडे ने बताया कि एमएससी की काउंसलिंग की तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई है।
अनशनकारी जीवन, कृपाल को अस्पताल पहुंचाया
रामनगर (नैनीताल)। सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश दिलाने की मांग को लेकर एनएसयूआई, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भी अनशन किया।
तीन दिन से आमरण अनशन कर रहे एनएसयूआई के जीवन अधिकारी एवं कृपाल आर्य की सेहत बिगड़ने पर उन्हें संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जिसके बाद सूरज प्रसाद, हर्षित उप्रेती अनशन पर बैठ गए। एनएसयूआई ने प्राचार्य डॉ. हेमा प्रसाद को ज्ञापन सौंपकर 11 दिनों से अनशन कर रहे छात्रनेताओं की मांग शीघ्र पूरी कराने को कहा। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुमित लोहनी, गोपाल सिंह अधिकारी, अरनब कांबोज, वासु चौधरी, विशाल रावत, दीपक सजवान, सोनू तिवारी, अमित रावत आदि थे। वहीं एबीवीपी के छात्रनेता भी इसी मांग को लेकर अनशन पर बैठे रहे। एबीवीपी की जिला संयोजिका आरती सागर ने जल्द समस्या सुलझाने की मांग की। इस दौरान प्रदेश सहमंत्री एबीवीपी चंदन सिंह बिष्ट, मनीष राणा, करन बिष्ट, रोहित मेहरा, साहिल रावत, मनोज जोशी, आरती आर्या, आंचल, नृपेंद्र ठाकुर आदि थे।
दोनों को उठाते ही सूरज प्रसाद, हर्षित उप्रेती अनशन पर बैठे
सबको प्रवेश दिलाने के लिए एनएसयूआई, एबीवीपी का अनशन जारी