नैनीताल। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने को लेकर मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से डीएम, परिवहन, पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन सड़कों पर अधिक सड़क हादसे हुए हैं वहां के इतिहास का अध्ययन करें।
उन्होंने डीएम समेत कुमाऊं व गढ़वाल के आयुक्तों को ब्लैक स्पॉटों का चयन कर अल्पकालीन, दीर्घकालीन योजनाएं तैयार कर शासन को एक सप्ताह के भीतर भेजें। कहा कि राज्य में 129 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने बसों में ओवरलोडिंग, सड़कों की स्थिति में सुधार किए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्कूल वाहन समेत अन्य छोटे वाहनों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन, सड़क पर निर्माण सामग्री मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों में चेकिंग अभियान चलाकर स्पीडोमीटर लगाने के निर्देश दिए। कहा कि मीटर नहीं लगाए जाने पर संबंधित वाहन का परमिट निरस्त कर दिया जाए। वीसी में कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला ने कहा कि मंडल में सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए शासन को छह करोड़ 18 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है। कुमाऊं में 40 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इस मौके पर अपर आयुक्त संजय कुमार खेतवाल, डीएम वीके सुमन, डॉ. अहमद इकबाल, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, सीई एनएच डीएस नबियाल, सीई लोनिवि केपी जोशी, सीई पीएमजीएसवाई अयाज अहमद, आरटीओ राजीव मेहरा, एडीएम बीएल फिरमाल, ईई लोनिवि एमएस नेगी, सीएमओ डॉ. भारती राणा आदि थे।