नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय सीनेट का चुनाव शुक्रवार को विवि प्रशासनिक भवन में संपन्न हुआ। सीनेट चुनाव में 663 मतदाताओं में से 547 ने मतदान किया। तीन मत अवैध घोषित किए गए। चुनाव के लिए 20 प्रत्याशी मैदान में थे जिनमें से 15 निर्वाचित किए गए। सीनेट चुनाव को लेकर विवि प्रशासनिक भवन में दिनभर काफी गहमागहमी का माहौल रहा। चुनाव की गंभीरता को देखते हुए परिसर में पुलिस तैनात रही।
कुमाऊं विश्वविद्यालय की सबसे अहम इकाई माने जाने वाले विवि कार्यपरिषद के चुनाव से पूर्व किए जाने वाले सीनेट चुनाव को लेकर विवि की ओर से 663 स्नातकों के मतपत्र पोस्ट के माध्यम से भेज दिए थे। विवि में चुनाव प्रक्रिया शुक्रवार सुबह 11 बजे से शुरू हो गई थी। इसमें प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतदाताओं की ओर से भेजे गए मतपत्रों को खोला गया। चुनाव अधिकारी कुलसचिव डॉ. महेश कुमार ने बताया कि मतगणना तीन राउंडों में की गई। उन्होंने बताया कि मतगणना की जिम्मा हेमवती नंदन बहुगुणा विवि गढ़वाल के अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष पद पर सेवानिवृत्त हुए प्रो. अरुण सैनन को दिया गया था। देखने में आया है कि सीनेट के लिए चुने गए 15 सदस्यों में से 8 सदस्य ऐसे हैं जो पुन: निर्वाचित हुए हैं जिनमें से हुकुम सिंह कुंवर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और छात्र परिषद अध्यक्ष, अरविंद पडियार, प्रकाश पांडे, डॉ.सुरेश डालाकोटी और केवल सती पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रह चुके हैं। इस दौरान प्रकाश पांडे, अविराम पंत, बहादुर राम, प्रीतम आदि रहे। नैनीताल विधायक संजीव आर्य, मनोज जोशी, गोपाल रावत, जीवंती भट्ट, प्रो.ललित तिवारी ने सभी सदस्यों को बधाई दी।
ये चुने गए सीनेट सदस्य--
- अरविंद सिंह पडियार, बहादुर सिंह पाल, कैलाश जोशी, प्रकाश पांडे, केवलानंद सती, डॉ. सुरेश डालाकोटी, अंजू मेहता, गीता बिष्ट, अर्जुन सिंह, शैलेंद्र पंत, हुकुम सिंह कुंवर, अचिंत वीर सिंह, जीतेंद्र कुमार भट्ट, बीके सांगुड़ी, मोहन सिंह बिष्ट।
ये हुए पराजित--
- नीमा पुजारी, रवि सिंह रौतेला, पान सिंह रौतेला, अनिल कुमार अग्रवाल, कीमती लाल राणा।