खटीमा के व्यापारियों को दी गई मोहलत के करीब एक माह बाद की मोहलत के बाद शुक्रवार को एक बार फिर मुख्य चौराहे पर जेसीबी गरजी। सितारगंज रोड पर मुख्य चौराहे के पास शिवानी गारमेंट की दुकान को प्रशासन ने ध्वस्त करा दिया। इसके साथ ही पुराने तांगा स्टैंड के पास बने शौचालय को ध्वस्त करने के साथ ही बाजार चौकी की चहारदीवारी और शौचालय को भी ध्वस्त किया गया।
ध्वस्तीकरण के साथ ही बाजार चौकी से नाली की खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है। मौके पर पहुंचे एसडीएम विजयनाथ शुक्ल ने टेड़ी-मेड़ी नाली निर्माण को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों से बात की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बाद में नाली के टेड़ी-मेड़ी बनने के संबंध में फोन पर पूछने पर एनएचएआई के प्रोडक्शन डायरेक्टर संदीप कार्की ने कहा कि नगर क्षेत्र से होकर जाने वाला मार्ग उनके पास उसी समय तक है, जब तक बाईपास नहीं बन जाता। कहा कि मार्ग उतना ही चौड़ा बनाया गया है, जितना पहले था। उन्होंने बताया कि नाली निर्माण के लिए उनके पास कोई नक्शा नहीं है, जो भी काम हो रहा है राजस्व विभाग के निर्देशन में हो रहा है।
आज कांग्रेसी करेंगे एसडीएम का घेराव
खटीमा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मानकों को ताख पर रखकर नाली निर्माण कराया जा रहा है। युवक कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि इसके विरोध में शनिवार को एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर उनका घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 करोड़ की लागत से पहेनियां बाईपास से कुटरी तक नगर क्षेत्र से होकर जाने वाले मार्ग और नाली निर्माण के लिए कोई ले आउट तैयार नहीं किया गया है।
दायित्व एनएच का बनता है निश्चित जांच होगी : डीएम
खटीमा। बिना टेंडर प्रक्रिया के पहेनियां टोल प्लाजा से चकरपुर कुटरी तक करीब 28 करोड़ की लागत से बने मार्ग के सवाल पर डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने कहा कि इसका दायित्व एनएच का बनता है। डीएम ने कहा कि नाली टेड़ी-मेड़ी बनाने के मामले की भी जांच कराई जाएगी।