रामनगर (नैनीताल)। पीएनजी राजकीय महाविद्यालय के सभी को प्रवेश देने की मांग को लेकर चल रहे छात्रों का आंदोलन बुधवार को बेकाबू हो गया। एबीवीपी के छात्रसंघ अध्यक्ष और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने छात्रावास के कमरे में घुसकर अपने ऊपर डीजल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। इस दौरान हास्टल के चैनल को खोलने को लेकर धक्कामुक्की के बीच एक छात्रा, एक छात्र के साथ ही कालाढूंगी थानाध्यक्ष भी घायल हो गए। पुलिस ने बमुश्किल दोनों को शांति भंग में गिरफ्तार कर लिया। उधर, घटना के बाद कॉलेज को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।
रामनगर कॉलेज में नए सत्र में सभी को प्रवेश देने की मांग को लेकर एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की भूख हड़ताल चल रही है। मंगलवार को एबीवीपी छात्रनेताओं छात्रसंघ अध्यक्ष यतिन रौतेला और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट ने आत्मदाह की धमकी दी थी। इसको देखते हुए बुधवार सुबह कॉलेज प्रशासन ने सभी गेटों पर ताले लगाए हुए थे ताकि कोई भी छात्र ऊपर न चढ़ सकेें। साथ ही महाविद्यालय में सुबह से ही एसडीएम परितोष वर्मा, सीओ लोकजीत सिंह आदि पुलिस बल के साथ तैनात थे। महाविद्यालय परिसर में अग्निशमन दस्ते के साथ भारी पुलिस बल तैनात कर छात्र नेताओं की तलाश की जाने लगी, लेकिन दोनों छात्रनेता करीब ग्यारह बजे अचानक पीजी ब्लाक के गेट के चैनल को बंद करते हुए हॉस्टल के एक कमरे में जा बैठे। कमरा बंद करने के बाद वे बालकनी में आकर अपने ऊपर डीजल छिड़कते हुए आत्मदाह की धमकी देने लगे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम परितोष वर्मा और पुलिस क्षेत्राधिकारी लोकजीत सिंह ने दोनों छात्रनेताओं को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने नीचे से फोन कर मांगें मनवाने के लिए आश्वासन भी दिया। जब काफी देर तक दोनों नहीं माने तो उन्होंने लिखित में आश्वासन देने की बात कहकर नीचे बुलाया। इस पर छात्रसंघ अध्यक्ष यतिन रौतेला जैसे ही नीचे चैनल पर आया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस चैनल का ताला खोलकर जैसे ही छत पर जाने लगी तो वहां मौजूद एबीवीपी कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। इस दौरान कालाढूंगी थानाध्यक्ष नरेश चौहान और एक छात्रा माया रावत घायल हो गए। पुलिस ने बमुश्किल छत पर पहुंचकर दूसरे छात्र नेता एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को वाहन में बैठाकर कोतवाली ले जा रही थी कि एबीवीपी कार्यकर्ता आगे लेटकर प्रदर्शन करने लगे। छात्र वाहन पर चढ़ने की कोशिश करने लगे तो पुलिस ने लाठियां फटकारकर उन्हें खदेड़ा। इस बीच एक छात्र मंजीत सैनी घायल हो गया, भारी हंगामे के बीच पुलिस दोनों छात्र नेताओं को बमुश्किल कोतवाली लेकर जाया गया। उधर घायल माया रावत और मंजीत सैनी को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों छात्र नेताओं यतिन रौतेला और चंदन सिंह बिष्ट के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 151 के तहत कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। घटना के बाद प्राचार्या हेमा प्रसाद ने महाविद्यालय को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की घोषणा कर दी। बताया कि बीए चौथे सेमेस्टर की परीक्षा बृहस्पतिवार को 11 बजे से दो बजे तक होगी। सिर्फ इसी के लिए कॉलेज खुलेगा।
रामनगर महाविद्यालय में छात्रों का आंदोलन बेकाबू
एबीवीपी के दो छात्र नेताओं ने अपने ऊपर डीजल छिड़ककर की आत्मदाह की कोशिश
धक्कामुक्की में एक छात्रा और एक छात्र घायल, कालाढूंगी थानाध्यक्ष भी घायल
एनएसयूआई की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर महाविद्यालय में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय गेट के बाहर उच्चशिक्षा मंत्री डा धनसिंह रावत का पुतला दहन भी किया। भूख हड़ताल के तहत दूसरे दिन प्रशांत मनराल के साथ ही विशाल रावत भी बैठ गए हैं। वहीं ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी ने भी अपना समर्थन दिया। इस दौरान सुमित लोहनी, गोपाल सिंह अधिकारी, अमित रावत, सुरजीत सिंह, दीपक सजवान, सोनू तिवारी, आलम, अमित कुमार, प्रशांत रावत, नीरज तिवारी, पल्लवी पांडे, आयशा रावत, शालिनी उप्रेती आदि मौजूद रहे।
आठवें दिन भी एबीवीपी की भूख हड़ताल जारी
रामनगर (नैनीताल)। सभी को प्रवेश दिलाने की मांग को लेकर एबीवीपी की भूख हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही। इस दौरान आरती सागर, करन बिष्ट, मनीष राणा, रोहिम मेहरा, भोपाल रौतेला, श्वेता ठाकुर, अनिल रावत, केके पंडित, प्रमोद कुमार, आंशु मेहरा, हिमांशु सिंह, दीपक तड़ागी, सुनील कुमार मौजूद थे।