रामनगर (नैनीताल)। विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर ग्राम गौजानी चोरपानी, अंबिका विहार के ग्रामीणों ने शुक्रवार को स्थानीय विद्युत कार्यालय में विरोध, प्रदर्शन किया। ऊर्जा निगम की सहायक अभियंता सौम्या सक्सेना को ज्ञापन सौंपा। इसमें ग्रामीणों ने बताया कि गांव में निगम ने नए विद्युत कनेक्शन दिए लेकिन इनकी खपत के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता नहीं बढ़ाई। इस कारण गांव में दो साल से लोवोल्टेज की समस्या है। विद्युत उपकरण सही से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई में भी व्यवधान हो रहा है।
ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से कई बार संबंधित इंजीनियरों को पहले भी अवगत कराया लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र ही समस्याओं को निदान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। चोरपानी के पूर्व प्रधान आनंद प्रकाश, गोपाल असनोड़ा, हरीश उप्रेती, शांति देवी, पूजा, मुन्ना लाल, कमल, सुरेश राम, जगदीश, राजेंद्र, मोहन, कमलेश, रजनी आदि थे।