सितारगंज की वन टीम को केरोसिन छिड़ककर जलाने के प्रयास मामले में नामजद आरोपियों एवं अन्य 50 ग्रामीणों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दबिशें जारी हैं। रविवार को सीओ हिमांशु शाह ने गांव में दबिश देकर वन भूमि जोतने वाले ट्रैक्टर चालक जयनाथ यादव को पकड़ लिया है, जबकि अन्य अभी घरों से फरार हैं। इनके खिलाफ सोमवार को पुलिस कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी कराएगी। सीओ ने कहा कि गैर जमानती वारंट पर भी आरोपी नहीं पकड़े गए तो कुर्की की कार्रवाई होगी।
27 जून को बाराकोली वन रेंज की रम्पुरा बीट के अधिकारी वन आरक्षी हरि सिंह गौनिया ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें गोठा गांव के किसान जयनाथ यादव पर वन भूमि जबरन कब्जाने के लिए जुताई करने, उनके एवं वाचर कन्हई के भूमि जोतने से रोकने पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने का प्रयास करने का आरोप लगाया था। इसके बाद आईएफएस हिमांशु बागरी और उनकी टीम पर आरोपी के परिजनों ने 50 अन्य ग्रामीणों के साथ मारपीट की। साथ ही केरोसिन छिड़ककर जलाने का प्रयास किया था। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने एवं जानलेवा हमला करने समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।