नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के आईपीएसडीआर के सहयोग से शनिवार को हरमिटेज भवन में जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए हैप्पीनेस क्लासेज प्रोग्राम शुरू किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक संजीव आर्य को कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर मनोनीत किया गया। आर्य ने कहा कि बच्चों तक खुशियां बांटने की यह एक अनोखी शुरुआत है।
आर्य ने विद्यार्थियों से कहा कि उनका लक्ष्य पढ़ाई करने के बाद केवल नौकरी पाना ही नहीं होना चाहिए बल्कि उनका एक सामाजिक दायरा भी होना चाहिए। हैप्पीनेस क्लासेज इसी की एक कड़ी है। प्रो. अतुल जोशी ने कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों की ओर से जरूरतमंद बच्चों को पुस्तकें, खिलौने, कपड़े मुफ्त बांटे जाएंगे। डिग्री कॉलेज पतलोट के प्राचार्य डॉ. एमसी पांडे ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। केके पांडे ने संचालन किया। इस मौके पर पाल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जेसी तिवारी, डीएसबी परिसर के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी, अरविंद पडियार, डॉ. प्रदीप जोशी, डॉ. सारिका जोशी, चमन कुमार, वैशाली बिष्ट, विनोद जोशी, विकास जोशी, विमला अधिकारी आदि थे।