बिंदुखत्ता (नैनीताल)। क्षेत्र में प्रेमी युगल समेत तीन लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इनमें से एक महिला और वृद्ध की मौत हो गई, जबकि युवक ने हल्द्वानी के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बिंदुखत्ता पश्चिमी राजीव नगर बंगाली कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय महिला और पड़ोस में रहने वाले 20 वर्षीय युवक ने शनिवार को मटकोटा रुद्रपुर के पास संदिग्ध परिस्थिति में जहर खा लिया। जानकारी पर लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया, जहां पर महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक को हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया, जहां उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस प्रथमदृष्टया घटना को प्रेम प्रसंग का मान रही है।
कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि महिला के शव को परिजनों को सौंप दिया है।
इधर शुक्रवार को इंद्रानगर द्वितीय निवासी जगदीश मिश्रा (60) ने भी अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ पी लिया। जानकारी पर परिजन उन्हें हल्द्वानी एसटीएच ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
महिला ने रुद्रपुर अस्पताल और प्रेमी ने हल्द्वानी में दम तोड़ा