रामनगर (नैनीताल)। ग्राम टांडा में रोजाना घंटों अघोषित विद्युत कटौती हो रही है। इससे भड़के ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के एसडीओ ललित मोहन का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
भीषण गर्मी में हो रही विद्युत कटौती से भड़के ग्रामीण बृहस्पतिवार रात ग्राम चिल्किया स्थित 33/11 केवी उपसंस्थान में आ धमके। उन्होंने एसडीओ ललित मोहन को बताया कि ग्राम टांडा में कई दिनों से अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है, जिससे उनका जीना दूभर हो गया है। लोवोल्टेज के कारण भी विद्युतचालित उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। इसको लेकर कुछ दिन पहले भी ग्रामीणों की विद्युत कर्मियों से नोकझोंक हो चुकी है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने ग्राम चिल्किया के फीडर को रामनगर या हल्दुआ फीडर से जोड़ने की मांग की जबकि ऊर्जा निगम के ईई विवेक कांडपाल ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण विद्युत कटौती हो रही है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।