खटीमा में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान टीम पर पक्षपातपूर्ण रवैय्या अपनाने का भी आरोप लगा। ऐंठा नाले के पास दुकान चलाने वाले मोहम्मद जफर ने एसडीएम विजयनाथ शुक्ल को बताया कि गरीब दुकानदारों को दुकान का सामान हटाने का मौका नहीं दिया जा रहा है, जबकि रसूखवाले दुकानदारों को काफी समय दिया जा रहा है। बहुमंजिला इमारत वाली दुकानों को कटर से काटा जा रहा है।
वहीं, व्यवसायी भवानी दत्त गहतोड़ी एवं प्रकाश गहतोड़ी ने प्रशासन से दुकान का सामान बाहर निकालने का समय नहीं देने और अतिक्रमण हटाने में पक्षपातपूर्ण रवैय्या अपनाने का आरोप लगाया। गहतोड़ी किराना के स्वामी प्रकाश गहतोड़ी ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई एक सिरे से चलाने के बजाय बीच बाजार के शुरू की गई।
गहतोड़ी किराने की बंद दुकान की छत ढहा दी, इससे दुकान का आधे से अधिक सामान मलबे में दब गया। इसके अलावा शर्मा डेरी, प्रदीप गुंबर, पांडे क्राकरी, कटियार पान की दुकानों को भी बिना समय दिए ढहा दिया गया, जबकि कई दुकानों के आगे नाली की स्लैब एवं दुकानों का सामान हटाने तक दुकान के आगे जेसीबी खड़ी रही। उधर, एसडीएम शुक्ल ने कहा कि टीम बिना भेदभाव किए अतिक्रमण हटा रही है। जब तक पूरा अतिक्रमण नहीं हट जाता, अभियान जारी रहेगा। ब्यूरो