गरुड़ (बागेश्वर)। ब्लॉक मुख्यालय के राजकीय इंटर कॉलेज (राइंका) गरुड़ में तीन प्रवक्ताओं और एलटी संवर्ग के चार शिक्षकों के पद सालों से रिक्त हैं। पीटीए ने सरकार पर छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया है। जल्द पद नहीं भरने पर जुलाई से आंदोलन की चेतावनी दी है।
राइंका गरुड़ विकास खंड के प्राचीन राइंका में प्रमुख है। कॉलेज में एक साल से प्रधानाचार्य का पद रिक्त है। पीटीए के अध्यक्ष मोहन सिंह नेगी उर्फ मोहनदा ने बताया कि कॉलेज में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान के प्रवक्ता के पद भी रिक्त हैं। एलटी संवर्ग में हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कला के पद दो साल से रिक्त चल रहे हैं।
पद रिक्त होने के चलते स्कूल में पढ़ाई का माहौल नहीं है। कॉलेज के 350 से ज्यादा बच्चों का भविष्य खतरे में हैं। कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य बीआर आर्या ने बताया कि रिक्त पदों को भरने के संबंध में कई बार विभाग के आला अधिकारियों से कह दिया है मगर कोई सुध नहीं ले रहा। उन्होंने जल्द से जल्द रिक्त पड़े पदों पर नियुक्तियां करने की मांग की है।