गरुड़ (बागेश्वर)। रिवर ट्रेनिंग नीति के तहत गोमती नदी के अकुणाई में आरबीएम चुगान की खुली नीलामी आठ जून को होगी। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एजेंसियों और स्थानीय जनता को रेता, पत्थर के लिए भटकना नहीं होगा। खनिज अधिनियम के तहत विकास खंड की गोमती, गरुड़, घांघली, लाहुर नदी में सरकार ने खनन पर रोक लगाई थी लेकिन अब शासन ने रिवर ट्रेनिंग के तहत गोमती नदी के अकुणाई में खनिज चुगान की अनुमति दे दी है। एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह ने बताया कि अकुणाई में खनन चुगान की नीलामी आठ जून को होगी। एसडीएम ने बताया कि नदी से 15 जून तक आरबीएम चुगान होगा। इससे नदी के आसपास के नाप खेतों में भूकटाव रुकेगा। उन्हें हल्द्वानी आदि शहरों से महंगे दामों पर रेता, पत्थर नहीं खरीदना पड़ेगा।