रामनगर (नैनीताल)। कार्बेट लैंडस्केप के जंगल में अकेले घूमने वाले दो नर (टस्कर) हाथियों की दोस्ती वन्यजीव प्रेमियों को हैरान कर रही है। आमतौर पर ऐसा नहीं होता कि दो नर हाथी साथ में घूमते दिखें क्योंकि नर हाथी अकेले रहना पसंद करते हैं और मादा से मिलने के लिए विरोधी नर हाथी लड़ते रहते हैं लेकिन पिछले कुछ दिनों से दो टस्कर साथ दिख रहे हैं।
रानीखेत रोड स्थित ग्राम मोहान से आगे कोसी नदी के किनारे घास के मैदान में दोनों को साथ घूमते, खाते, पानी पीते दिखा जा रहा है। वन्यजीव फोटोग्राफर दीप रजवार ने बताया कि शायद इन युवा नर हाथियों को इनके झुंड ने निकाल दिया होगा जैसा कि अक्सर होता है कि जब युवा नर हाथी मस्त अवस्था में आते हैं तो इनका व्यवहार काफी आक्रामक हो जाता है और ये झुंड में शामिल बच्चों को भी मार देते हैं। इस टकराव से बचने के लिए हाथियों का झुंड ऐसे युवा नरों को झुंड से निकाल देते हैं। कार्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक अमित वर्मा ने बताया कि यदि दो युवा टस्कर इतने लंबे समय से साथ रह रहे हैं तो यह हाथियों के व्यवहार के लिए अच्छा संकेत हो सकता है लेकिन वह लंबे समय तक साथ नहीं रहते।