गरुड़ (बागेश्वर)। विकास खंड के सेलकोना (गढ़खेत) में बीस दिन से बिजली नहीं आई है। उपभोक्ताओं ने कहा है कि अगर दो दिन के अंदर क्षतिग्रस्त बिजली ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया तो बिजली विभाग के टानीखेत कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे।
गढ़खेत के प्रधान भुवन चंद्र ने बताया कि बीस दिन पहले आए तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से सेलकोना गांव में बिजली का ट्रांसफॉर्मर जल गया था। तब से गांव की बिजली गुल है। ग्राम प्रधान ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर को बदलने के संबंध में कई बार बिजली विभाग के अवर अभियंता और ईई से कह दिया है मगर विभाग काई कार्यवाही नहीं कर रहा है। गांव के तीस परिवार बीस दिन से अंधेरे में रात काट रहे हैं। बिजली मोबाइल ठप होने के कारण कई रोजमर्रा के काम नहीं हो पा रहे हैं।
बिजली विभाग के ईई से सेलकोना गांव में क्षतिग्रस्त बिजली के ट्रासंफार्मर को तत्काल बदलने के निर्देश दिए है। ग्रामीणों को दो दिन दिन के अंदर बिजली की आपूर्ति नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - रंजना राजगुरु, डीएम, बागेश्वर