रामनगर (नैनीताल)। कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभागार में बुधवार को किसानों एवं व्यापारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें भारत सरकार की ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार परियोजना (ई-नाम) के लिए पंजीकरण करवाने को कहा गया।
एनएफसीएल के एनालिस्ट मोनू कुमार ने कहा कि यह परियोजना किसानों की आय दोगुनी करने की एक पहल है। इस परियोजना में मंडी में एक परीक्षण लैब खोली जाएगी, जिसमें किसान अपने उपज का परीक्षण निशुल्क करवा सकेंगे। उपज की गुणवत्ता के आधार पर व्यापारी उस उपज की ऑनलाइन बोली लगाएंगे। उपज का भुगतान भी किसानों के खाते में ऑनलाइन मिलेगा। इस परियोजना से जुड़ने के लिए किसान निकटस्थ मंडी में अपना पंजीकरण करवाना होगा, जिसके लिए उन्हें अपने बैंक खाते की पासबुक की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, मोबाइल नंबर आदि निकटतम मंडी समिति के कार्यालय में जमा करना होगा। इस दौरान फिरोज आलम, मनमोहन सिंह नेगी, महेंद्र नपल्च्याल, ललित मोहन पांडे, हेम तिवाड़ी, दयाकिशन, सुमन राजपूत, खुशाली राम, आनंद राम, गोविंद बल्लभ पांडे, प्रेम पांडे आदि थे।
भीमताल क्षेत्र में जल्द खुलेगी मंडी
भीमताल (नैनीताल)। पहाड़ के किसानों के लिए एक अच्छी खबर है धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ में नवीन मंडी खोलने के लिए सरकार की ओर से कवायद चल रही है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि वर्षों से क्षेत्र में मंडी खोलने की किसानों की मांग जल्द पूरी होगी। कहा कि जैसे ही सरकार से निर्देश मिलेंगे, भूमि का चयन किया जाएगा। इससे किसानों को हल्द्वानी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।