रामनगर (नैनीताल)। वनग्रामवासियों ने मंगलवार को रामनगर वन प्रभाग की डीएफओ का घेराव किया। साथ ही वनग्रामों में बिजली पहुंचाने के लिए अनुमति देने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांग नहीं मानी तो वह सीतावनी जोन का गेट और उसके बाद कार्बेट पार्क बिजरानी जोन के गेट को बंद कर देंगे।
वनग्राम समिति के अध्यक्ष एस लाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कहा कि यदि ग्राम लेटी, सुन्दरखाल, रामपुर, रिंगोडा आदि वनग्रामों में विद्युतीकरण की अनुमति नहीं दी तो वह उग्र धरना-प्रदर्शन करेंगे। डीएफओ नेहा वर्मा ने कहा कि वह कानून और वन अधिनियम के तहत ही काम कर सकती है। वह चाहती है कि इन वन गांवों भी में बिजली पहुंचे, लेकिन इसके लिए ग्रामीणों को एक प्रस्ताव बिजली विभाग को देना होगा। उन्होंने कहा कि अभी तक उनके पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि दिनेश मेहरा, देवेंद्र रावत, थान सिंह, कुबेर अली, ललित मोहन कडाकोटी, गिरीश चंद्र, ध्यानीराम आर्य, पान सिंह, हेम टम्टा, गौरा देवी, फकीर राम, इंदर राम थे।